25 April 2026: इंदौर में ट्रैफिक पुलिस आरक्षक ने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पढ़ें इंदौर क्राइम की आज की खबरें
ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल ने पुलिस क्वार्टर में किया सुसाइड, दिल्ली पुलिस में हो गया था सिलेक्शन। क्रिप्टो मामले में 3 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, जांच के चलते किया गया अटैच।
ट्रैफिक पुलिस आरक्षक ने सरकारी क्वार्टर में लगाई फांसी
इंदौर के ट्रैफिक पुलिस में पदस्थ एक आरक्षक ने अपने सरकारी क्वार्टर में अज्ञात कारणों के चलते सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान आरक्षक अंकित तोमर (29) के रूप में हुई है, जो करीब डेढ़ महीने पहले ही इस क्वार्टर में रहने के लिए आया था। शनिवार को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पूरा मामला मल्हारगंज थाना क्षेत्र के चौथी पलटन एच टाइप पुलिस क्वार्टर का है। जहां आरक्षक अंकित तोमर ने अपने ब्लॉक 16 के क्वार्टर नम्बर क्वार्टर में आत्महत्या कर ली। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरक्षक ने कमरे में फांसी लगाई है। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली है और एफएसएल टीम भी बारीकी से जांच कर रही है। शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक के सगे चाचा इंदौर ही रहते है, वह भी अस्पताल में है।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला अंकित तोमर का चयन हाल ही में दिल्ली पुलिस में आरक्षक के रूप में सिलेक्शन हो गया था और वे 3-4 महीने में जॉइन करने वाला था। अंकित तोमर एसीपी ट्रैफिक हिंदुसिंह मुवेल के कार्यालय में एकाउंट कार्य देख रहा था और अविवाहित था। घटना से पहले वे शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपने क्वार्टर पहुंचा था, जिसके बाद यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
क्रिप्टो मामले में 3 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, जांच के चलते किया गया अटैच
इंदौर के एरोड्रम थाने में पदस्थ तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। क्रिप्टो करेंसी से जुड़े एक मामले में पैसों के लेनदेन और पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता की शिकायत सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।

दरअसल, डीसीपी जोन-1 कृष्णलाल चंदानी को मिली शिकायत में दो पक्षों के बीच क्रिप्टो करेंसी के लेनदेन में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए और जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सब-इंस्पेक्टर राम शाक्य, हेड कांस्टेबल दीपू यादव और आरक्षक योगेश लश्करिया को तत्काल प्रभाव से कार्यालय अटैच कर दिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
FMCG व्यापार में निवेश के नाम पर 27 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने निवेश के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एफएमसीजी और कोल्ड ड्रिंक व्यापार में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों से बड़ी रकम निवेश करवाई और फिर उसे निजी खर्चों में इस्तेमाल कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी सत्यविंद चावला को गिरफ्तार किया है,जो फरियादियों को शीतल पेय और FMCG व्यापार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देता था। आरोपी ने हरसिमरन सिंह अरोरा, जयंत रिजवानी और रासिका प्रधान के साथ पार्टनरशिप कर “फ्रेश लिंक इंटरप्राइजेस” नाम से फर्म बनाई और करीब 27 लाख रुपए का निवेश कराया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने निवेश की गई राशि को व्यापार में लगाने के बजाय निजी खर्चों, कर्ज चुकाने और अन्य कामों में इस्तेमाल किया। वहीं गोदाम में रखा माल भी खराब और एक्सपायरी डेट के करीब मिला, जिससे साफ हुआ कि व्यापार केवल दिखावे के लिए चलाया जा रहा था। बैंक खातों की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने चालाकी से निवेश की रकम अपने निजी खातों में ट्रांसफर कर ली। आरोपी ने शपथ पत्र में भी यह स्वीकार किया कि उसने साझेदारों को गुमराह कर राशि का दुरुपयोग किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ऑडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 80 हजार रुपए, 2 आरोपी पकड़ाए
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है, जहां व्हाट्सएप पर कॉल रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर युवक से 80 हजार रुपये की मांग की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है। दरअसल, इंदौर की समर पार्क कॉलोनी निवासी आयुष त्रिवेदी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसके पिता के पूर्व ड्राइवर अजय उर्फ कालू भिलाला ने फोन पर बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली थी।

इसके बाद अक्षत दुबे नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर वह रिकॉर्डिंग भेजकर पैसे की मांग शुरू कर दी। आरोपियों ने लगातार फोन और मैसेज के जरिए फरियादी पर मानसिक दबाव बनाया और करीब 80 हजार रुपये की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी दी गई।वही इस मामले में लसूड़िया पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में ले लिया है।
पानी भरने के विवाद में हुई एक युवक की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार
दौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां पानी भरने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना रविदास नगर की है, जहां 24 अप्रैल की सुबह पानी भरने की बात को लेकर चिंताराम राठौर और मोहल्ले के युवक मोहित के बीच विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन शाम को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने चिंताराम को जोतीबाई फाटक के पास ढाबे पर घेर लिया। जिसमें बताया जा रहा है कि कुलदीप परमार ने चिंताराम पर चाकू से हमला किया, जबकि अन्य आरोपी उसे पकड़कर मारपीट करते रहे।

गंभीर रूप से घायल चिंताराम को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वही इस मामले की गंभीरता को देखते हुए लसूड़िया पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बायपास पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी मोहित और कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
ज्वेलरी शॉप से सोने का पाउच पार, सीसीटीवी में कैद हुआ शातिर
इंदौर में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। चंदन नगर थाना क्षेत्र के जवाहर टेकरी इलाके में एक शातिर बदमाश ने ज्वेलरी शॉप को अपना निशाना बनाते हुए बेहद चालाकी से सोने की बाली से भरा पाउच चोरी कर लिया। आरोपी गहने खरीदने के बहाने दुकान में घुसा और दुकानदार को बातों में उलझाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

दरअसल, फरियादी आशीष सोनी की जवाहर टेकरी स्थित ज्वेलरी दुकान पर एक अज्ञात युवक पहुंचा। युवक ने बच्चों की बालियां दिखाने को कहा। दुकानदार द्वारा बालियां दिखाने पर आरोपी बार-बार डिजाइन बदलने की बात कहकर उसे उलझाता रहा। इसी दौरान जब दुकानदार अन्य बालियां निकालने में व्यस्त हुआ, तो आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए सोने से भरा एक पाउच चुपचाप अपने हाथ में छिपा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बालियां पसंद न आने की बात कही और आराम से दुकान से निकल गया। कुछ देर बाद जब दुकानदार को पाउच गायब होने का पता चला, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
मानसिक चिकित्सालय में मरीज ने फांसी लगाकर दी जान
इंदौर के बाणगंगा स्थित मानसिक चिकित्सालय में उपचारत एक मरीज ने अस्पताल के ही बाथरूम में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक निजी का काम करता था और पिछले कुछ सालों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। महज एक दिन पहले ही परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल में छोड़कर गए थे। पुलिस के मुताबिक तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति को मानसिक चिकित्सालय में इलाज के लिए 1 दिन पहले ही भर्ती कराया गया था। जिसमें बताया जा रहा की पिछले दो-तीन सालों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके चलते वह अवसाद में रहता था।

बेहतर इलाज की उम्मीद में परिजन उसे एक दिन पहले ही बाणगंगा स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराकर घर लौटे थे। इसी बीच अस्पताल प्रशासन को पता चला कि मरीज ने बाथरूम के अंदर अपनी ही बनियान का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। बाणगंगा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम करते हुए जांच पड़ताल में जुटी हुई है। जिसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने यह कदम क्यों उठाया, वही इस प्रकरण में किसी के लापरवाही सामने आती है तो उसे कार्यवाही की बात कही जा रही है।
शराब पिलाने के विवाद में सहकर्मी की ली जान, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया था, जहां मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। जहां सुनसान इलाके में मिले अधेड़ के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, 17 अप्रैल की सुबह स्कीम नंबर 136 के पास एक गार्डन के नजदीक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि यह एक हत्या का मामला है। सूचना मिलते ही लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने से पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एमआर-10 स्थित शराब दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक मृतक को अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाता नजर आया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी प्रमोद वैद्य ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 16 अप्रैल की रात शराब पीने को लेकर मृतक कईवा दंगोडे से उसका विवाद हो गया था। मृतक द्वारा जबरन शराब पिलाने की जिद और अपमान से नाराज होकर आरोपी उसे सुनसान इलाके में ले गया और कंक्रीट के ब्लॉक से सिर कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
बेखौफ बदमाशों का आतंक, इंजीनियर पर चाकू से किया हमला, घटना CCTV में कैद
इंदौर में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक और मामला सामने आया है। जहां दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक इंजीनियर को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि युवक की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। वही यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

दरअसल, एक दवा कंपनी में इंजीनियर शिवम चतुर्वेदी अपने निजी काम से घर से निकले थे। वो कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया, पहले उनसे पता पूछने के बहाने बातचीत की और इसी दौरान पीछे बैठे बदमाश ने अचानक धारदार चाकू निकाल लिया। खतरा भांपते ही शिवम ने तुरंत अपनी गाड़ी सड़क पर छोड़ी और वहां से भागकर अपनी जान बचाई, वारदात के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं, यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में जुटी हुई है।
Varsha Shrivastava 
