इंदौर में किराए के सर्विस सेंटर पर अवैध कब्जा, धमकी देकर 20 लाख मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार
सर्विस सेंटर कब्जा करने और 20 लाख की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, अन्नपूर्णा पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से आरोपी को धर दबोचा
इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में किराए के सर्विस सेंटर पर अवैध कब्जा, धमकी और 20 लाख रुपए की डिमांड करने का मामला सामने आया है। इस मामले में अन्नपूर्णा पुलिस ने मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी संजय करीरा को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने पहले थाने और फिर से पुलिस कमिश्नर से शिकायत की थी, जिसके बाद कार्रवाई तेज हुई।
दरअसल पीड़िता राधिका सोलंकी ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपना सर्विस सेंटर वैभव जोशी नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। लेकिन वैभव ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना वह सर्विस सेंटर संजय करीरा को किराए पर चलाने के लिए सौंप दिया। जब राधिका सोलंकी ने संजय से सर्विस सेंटर खाली करने को कहा, तो आरोपी ने धमकाना शुरू कर दिया और कथित तौर पर 20 लाख रुपए की मांग कर डाली।
पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत अन्नपूर्णा थाने के साथ-साथ पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने डीसीपी आनंद कलादगी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अन्नपूर्णा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी संजय करीरा को एमओजी लाइन क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संजय करीरा पर लोगों से वाहन किराए पर लेकर उन्हें औने-पौने दामों पर बेचने के आरोप भी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
Varsha Shrivastava 
