MP Board 10th-12th Result: इंदौर की तन्वी कुमावत ने 12th बायो में 492 नंबर लाकर किया टॉप
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित। इंदौर की छात्रा तन्वी कुमावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12वीं साइंस में पूरे प्रदेश में टॉप किया।
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम आज घोषित हो गए हैं। इंदौर की छात्रा तन्वी कुमावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12वीं साइंस ग्रुप में पूरे प्रदेश में टॉप किया है। तीरथबाई कलाचंद स्कूल की छात्रा तन्वी ने 500 में से 492 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि तन्वी को सभी विषयों में डिस्टिंक्शन मिला है। तन्वी शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रही हैं और इससे पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी उन्होंने पूरे जिले में टॉप किया था।

डॉक्टर बनने का सपना लेकर 11वीं और 12वीं में विज्ञान विषय चुनने वाली तन्वी ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। रिजल्ट घोषित होने के बाद तन्वी अपने माता-पिता के साथ स्कूल पहुंचीं, जहां प्रिंसिपल और शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ और मिठाई देकर उनका स्वागत किया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया कि तन्वी शुरू से ही बेहद फोकस्ड छात्रा रही हैं और डॉक्टर बनने के अपने लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत करती रही हैं।

वहीं तन्वी के माता-पिता ने भी बेटी की इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि तन्वी ने हमेशा अपने फैसले खुद लिए और पढ़ाई को प्राथमिकता दी। इस दौरान मीडिया से चर्चा में खुद तन्वी का कहना है कि वह आगे चलकर न्यूरोलॉजिस्ट या कार्डियोलॉजिस्ट बनना चाहती हैं और इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने निरंतर मेहनत की। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को दिया है।

कड़ी मेहनत, स्पष्ट लक्ष्य और आत्मविश्वास के दम पर तन्वी कुमावत ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो सफलता जरूर मिलती है। अब पूरे प्रदेश को तन्वी से भविष्य में भी ऐसी ही बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद है।
<iframe src="https://www.facebook.com/plugins/video.php?height=314&href=https%3A%2F%2Fwww.facebook.com%2Freel%2F1309128824394162%2F&show_text=false&width=560&t=0" width="560" height="314" style="border:none;overflow:hidden" scrolling="no" frameborder="0" allowfullscreen="true" allow="autoplay; clipboard-write; encrypted-media; picture-in-picture; web-share" allowFullScreen="true"></iframe>
Varsha Shrivastava 
