5 एकड़ में बनेगा राहुल के कार्यक्रम का डोम : अनंत चतुर्दशी पर ‘छात्रों की गूंज’ झांकी की तैयारी, कलेक्टर से मांगी अनुमति
Indore Chhatron ki Goonj : जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े ने ‘छात्रों की गूंज’ विषय पर झांकी निकालने के लिए कलेक्टर से अनुमति मांगी है। इसके लिए कलेक्टर को पत्र भेजा है।
Indore Chhatron ki Goonj : मध्य प्रदेश। इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रीजनल पार्क के सामने करीब 5 एकड़ क्षेत्र में विशाल डोम तैयार किया जा रहा है, जहां करीब 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। राहुल गांधी यहां युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगे। वहीं राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले भाजपा और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रस्तावित इंदौर दौरों को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं।
दरअसल, इंदौर में रीजनल पार्क के सामने तैयार हो रहे इस विशाल डोम में छात्रों और युवाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक होगा।
इसी बीच 17 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और 18 सितंबर को आरएसएस सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के इंदौर दौरे प्रस्तावित हैं। इन दौरों को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने भाजपा पर निशाना साधा है।

वानखेड़े का आरोप है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम से ठीक पहले भाजपा और संघ के बड़े नेताओं के दौरे जानबूझकर रखे गए हैं, ताकि पुलिस प्रशासन और अन्य व्यवस्थाओं का ध्यान दूसरी ओर डायवर्ट किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी दूसरे शहरों में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रमों को प्रभावित करने की कोशिशें हुई हैं। हालांकि कांग्रेस का दावा है कि इंदौर में राहुल गांधी का कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक होगा और युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिलेगा।

कांग्रेस ने विशेष झांकी निकालने मांगी अनुमति
जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े ने ‘छात्रों की गूंज’ विषय पर झांकी निकालने के लिए कलेक्टर से अनुमति मांगी है। इसके लिए 14 सितंबर को कलेक्टर को पत्र भेजा गया है। कांग्रेस का कहना है कि झांकी के जरिए छात्रों और युवाओं की आवाज, अधिकार और आकांक्षाओं को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक माध्यम से सामने रखा जाएगा।
इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कलेक्टर को भेजे पत्र में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर ‘छात्रों की गूंज’ विषय पर झांकी निकालने की अनुमति मांगी है। पत्र में झांकी को गैर-राजनीतिक और युवाओं को समर्पित बताया गया है। कांग्रेस के मुताबिक, झांकी के माध्यम से युवाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी अपेक्षाओं को सांस्कृतिक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।


