Mauganj News : बहुती में धूमधाम से मनी सरदार पटेल जयंती - एकता दिवस पर छात्रों ने दिया एक भारत- श्रेष्ठ भारत का संदेश
Mauganj News : मऊगंज के बहुती स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर हाईस्कूल में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। भाषण और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
मऊगंज जिले के विकासखंड नईगढ़ी अंतर्गत सरस्वती शिक्षा मंदिर हाईस्कूल बहुती में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के उपक्रम मेरा युवा भारत के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती एकता दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य डॉ. प्रमोद कुमार जायसवाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में नरेंद्र प्रसाद द्विवेदी एवं रामसजीवन विश्वकर्मा उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी दयाशंकर मिश्र ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाषण प्रतियोगिता में आकाश जायसवाल ने प्रथम, हिमांशु द्विवेदी ने द्वितीय तथा अंशु तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में आनंद पांडेय प्रथम और देवांश द्विवेदी द्वितीय स्थान पर रहे। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल एवं कलम प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद कुमार जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपना सम्पूर्ण जीवन निस्वार्थ राष्ट्र सेवा और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने बिखरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। विशिष्ट अतिथि नरेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि सरदार पटेल भारत के प्रथम गृहमंत्री थे, जिन्होंने अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। वे हम सभी के लिए आदर्श हैं। उन्होंने देश की 562 रियासतों का विलय कर एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार किया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य विकास सिंह सेंगर ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक माधव सिंह सेंगर, हरिशंकर द्विवेदी, करण द्विवेदी, आकाश मिश्रा, अमृतलाल साकेत, रोहित वर्मा, शोभा पांडे, आराधना सिंह, ज्योति जायसवाल, कंचन मिश्रा, अनुजा सिंह, प्रिया जायसवाल, सतिमा गुप्ता, वर्षा द्विवेदी, नीता शुक्ला, नेहा सेन, खुशी सेन, संगीता देवी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।



