मऊगंज में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में उड़द तोड़ रही महिला की मौत

मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बंधवा भाईबाट गांव में खेत में उड़द तोड़ रही 50 वर्षीय महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

मऊगंज में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में उड़द तोड़ रही महिला की मौत

रिपोर्टर, राजेंद्र पयासी मऊगंज 

मऊगंज। रिमझिम बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बंधवा भाईबाट गांव में हुआ, जहां 50 वर्षीय महिला खेत में उड़द तोड़ रही थी। अचानक तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और महिला उसकी चपेट में आ गई।

बारिश के बीच खेत में कर रही थी काम

जानकारी के मुताबिक, दुअसिया साकेत पति रघुवीर साकेत, निवासी बंधवा भाईबाट, बुधवार सुबह खेत में उड़द तोड़ने गई थीं। इलाके में सुबह से ही रिमझिम बारिश हो रही थी। महिला खेत में काम कर रही थी, तभी अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक शुरू हो गई।

इसी दौरान आकाशीय बिजली खेत में गिरी, जिसकी चपेट में महिला आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही अचेत हो गईं।

परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

आकाशीय बिजली गिरने की जानकारी मिलते ही खेत में मौजूद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। महिला को गंभीर हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। रिमझिम बारिश के बीच हुए इस हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। अचानक हुई आकाशीय बिजली की घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।