Android यूजर्स के लिए नया साइबर खतरा ! नया Malware चुरा रहा OTP, ऐसे बचाएं अपना फोन

Mantax Otax फोन पर आने वाले SMS और नोटिफिकेशन पढ़ सकता है। इससे बैंकिंग और दूसरे OTP हमलावरों तक पहुंच सकते हैं।

Android यूजर्स के लिए नया साइबर खतरा ! नया Malware चुरा रहा OTP, ऐसे बचाएं अपना फोन

Android Malware Mantax Otax : टेक डेस्क। देश में बढ़ते साइबर फ्रॉड के बीच Android यूजर्स के लिए नया खतरा सामने आया है। साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने Mantax Otax नाम के नए मैलवेयर का पता लगाया है। यह केवल फोन का डेटा चुराने तक सीमित नहीं है। यह SMS, नोटिफिकेशन और निजी जानकारी तक पहुंच बना सकता है। अनजान APK या संदिग्ध ऐप के जरिए फोन में पहुंचने वाला यह मैलवेयर यूजर की संवेदनशील जानकारी को खतरे में डाल सकता है।

OTP और WhatsApp चैट पर नजर

Mantax Otax की सबसे बड़ी चिंता इसकी जासूसी करने की क्षमता है। यह संक्रमित फोन पर आने वाले SMS और नोटिफिकेशन पढ़ सकता है। इससे बैंकिंग और दूसरे ऑनलाइन अकाउंट के OTP हमलावरों तक पहुंच सकते हैं। मैलवेयर Android की Accessibility सुविधा का गलत इस्तेमाल करके WhatsApp की प्रोफाइल जानकारी और चैट पढ़ सकता है। Telegram की जानकारी और चैट हिस्ट्री भी इसके निशाने पर हो सकती है।

पुराने Android फोन पर ज्यादा खतरा

Android 9 या उससे पुराने वर्जन वाले फोन इस मैलवेयर से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। रिसर्च के मुताबिक, यह फोन में मौजूद फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट जैसी फाइलों को एन्क्रिप्ट कर सकता है। इससे यूजर अपनी फाइलों तक पहुंच खो सकता है। Android 10 और नए वर्जन में Scoped Storage इसकी फाइलों तक पहुंच को सीमित करता है। हालांकि, नए फोन भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं।

स्क्रीन और निजी जानकारी भी खतरे में

Mantax Otax स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी कर सकता है। यह फोन की गतिविधियों पर नजर रखने में सक्षम है। इसके अलावा फोटो, फाइल, कॉन्टैक्ट, कॉल लॉग, ब्राउजर हिस्ट्री और लोकेशन जैसी जानकारी भी चोरी हो सकती है। कुछ मामलों में यह फोन के इस्तेमाल में भी परेशानी पैदा कर सकता है। यह पॉप-अप दिखाने, स्क्रीन ब्लॉक करने और कुछ ऐप्स को रोकने जैसे काम कर सकता है।

फोन को सुरक्षित रखने के आसान तरीके

इस मैलवेयर से बचने के लिए अनजान वेबसाइट, Telegram चैनल, WhatsApp लिंक या संदिग्ध मैसेज से APK डाउनलोड न करें। Accessibility और Device Administrator जैसी संवेदनशील परमिशन किसी अनजान ऐप को न दें। फोन का Android वर्जन और सिक्योरिटी अपडेट समय पर इंस्टॉल करें। Google Play Protect को बंद न करें। किसी ऐप को जरूरत से ज्यादा परमिशन मिली हो तो उसे तुरंत जांचें और संदिग्ध होने पर फोन से हटा दें।