Amitabh Bachchan और Diljit Dosanjh को जान से मारने की धमकी : मुंबई मेयर को भेजा ईमेल; Jalsa को उड़ाने की बात

Death Threat Mail : अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को धमकी भरा ईमेल मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई मेयर को भेजे गए मेल के बाद पुलिस ने जांच और सुरक्षा तलाशी शुरू की।

Amitabh Bachchan और Diljit Dosanjh को जान से मारने की धमकी : मुंबई मेयर को भेजा ईमेल; Jalsa को उड़ाने की बात

Amitabh Bachchan Diljit Dosanjh Death Threat : एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरा ईमेल शुक्रवार को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजा गया। ईमेल में अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की बात कही गई है। इसमें 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच हमले की धमकी दी गई है। साथ ही दिलजीत दोसांझ को आत्मघाती हमले में निशाना बनाने का जिक्र है। सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, धमकी देने वाले की पहचान और ईमेल की विश्वसनीयता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

ईमेल में ऑपरेशन ब्लू स्टार का भी जिक्र

मेयर को भेजे गए ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे लिखे होने की जानकारी सामने आई है। संदेश में 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख-विरोधी दंगों का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में दावा किया गया कि अमिताभ बच्चन के पैर छूने के कारण दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाया जाएगा। इसमें 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में दिलजीत पर आत्मघाती हमला करने की धमकी भी दी गई है। पुलिस इन दावों और धमकी के पीछे की मंशा की जांच कर रही है।

BMC मुख्यालय में पुलिस और बम स्क्वॉड ने की तलाशी

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीमें, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों सहित विभिन्न कक्षों की तलाशी ली। सुरक्षा जांच के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की साइबर सेल ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

दादर के चार स्कूलों को भी मिले धमकी भरे ईमेल

मुंबई के दादर इलाके में शुक्रवार सुबह करीब चार प्रमुख स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, ईमेल मिलने से कुछ समय के लिए स्कूलों में चिंता का माहौल रहा। पुलिस इन संदेशों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनका आपस में कोई संबंध है या नहीं।

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बढ़ी चिंता

यह घटनाक्रम अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Actor Tiger Shroff) की कार पर हुई फायरिंग के कुछ दिनों बाद सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में उनकी कार पर गोलियां चलाई गई थीं। उस समय टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। घटना में उन्हें चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे।

इस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। पुलिस अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को मिली धमकी के मामले में भी जांच कर रही है। फिलहाल, धमकी की गंभीरता और संभावित खतरे को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।