Satna News : चार वाहनों को टक्कर मार आर्किटेक्ट की दुकान में घुसा ट्रक, ई- रिक्सा चालक समेत तीन घायल
Satna News : सतना में तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने चार वाहनों को टक्कर मारकर आर्किटेक्ट की दुकान में प्रवेश कर गया। हादसे में तीन लोग घायल हुए और चालक गिरफ्तार किया गया।
Satna News : सतना। मंगलवार की दोपहर शहर के बीच तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने एक -एक कर चार वाहनों को टक्कर मारी। वाहनों को टक्कर मार मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर आर्किटेक्ट की दुकान में जा घुसा। हादसे में तीन लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी मिनी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
टक्कर मार अनियंत्रित हुआ मिनी ट्रक
पुलिस के अनुसार मिनी ट्रक क्र. सीजी 04एमटी/0556 का चालक वाहन लेकर मंगलवार की दोपहर 12 बजे के करीब सर्र्किट हाउस की तरफ से होते हुए आगे जा रहा था। रास्ते में प्रेम नर्सिंग होम मोड़ के पास मिनी ट्रक के चालक शाहिद खान पिता खलील खान निवासी कजरी - गोहलपुर जिला जबलपुर ने ई- रिक्शा को टक्कर मार दी।
ई- रिक्शा को टक्कर मारने के बाद चालक शाहिद का नियंत्रण वाहन से हट गया। लिहाजा अनियंत्रित मिनी ट्रक विपरीत दिखा में खड़े तीन दो पहिया वाहनो को कुचलते ही आर्किटेक्ट आशीष जैन की दुकान (दफ्तर) में जा घुसा। अचानक हुए घटनाक्रम से अफरा- तफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीएसपी
शहर के बीच हुए हादसे की जानकारी लगते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाड़िया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी, सिटी कोतवाली टीआई हेमंत शर्मा व पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। यातायात बहाल कराने के लिए दुकान के अंदर घुसे क्षतिग्रस्त मिनी ट्रक को क्रेन के जरिए बाहर निकाला गया। आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया।
हादसे में क्षमा पाठक पिता राकेश पाठक निवासी खाम्हा खूझा, ई- रिक्शा चालक दिनेश दाहिया पिता रामस्वरूप निवासी कतकोन थाना नागौद और फुटपाथ पर फूल बेंचने वाली सरिता कुशवाहा पति सूरज घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं आर्किटेक्ट की दुकान (आफिस) में बैठे देवेन्द्र पांडेय बाल-बाल बच गए। सिटी कोतवाली पुलिस के द्वारा प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

