टी-20 मैच के बाद निगम का अभियान : तीन दिन में साढ़े तीन टन निकला कचरा

नगर निगम ने सफाई के लिए 25 कर्मचारियों के साथ जेसीबी और दो डंपर भी लगाए थे। खास बात यह रही कि एकत्रित कचरे का उचित निष्पादन कर सूखे कचरे को रिसाइकिल के लिए भेजा गया।

टी-20 मैच के बाद निगम का अभियान : तीन दिन में साढ़े तीन टन निकला कचरा

मध्य प्रदेश। इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को खेले गए टी-20 मुकाबले के बाद नगर निगम ने सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया। मैच से एक दिन पहले से लेकर मैच के अगले दिन तक लगातार तीन दिनों तक स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। इस दौरान करीब साढ़े तीन टन कचरा एकत्रित किया गया। नगर निगम ने सफाई के लिए 25 कर्मचारियों के साथ जेसीबी और दो डंपर भी लगाए थे। खास बात यह रही कि एकत्रित कचरे का उचित निष्पादन कर सूखे कचरे को रिसाइकिल के लिए भेजा गया।

दरअसल, बड़े आयोजनों के बाद स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में कचरा फैलने की स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने यह विशेष अभियान चलाया। नगर निगम के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी विवेक गंगराड़े ने बताया कि 10, 11 और 12 अक्टूबर को लगातार सफाई कार्य कराया गया। इसके लिए 25 कर्मचारियों के साथ जेसीबी और दो डंपरों की टीम तैनात की गई थी। इस कार्य का शुल्क वसूल कर सफाई कराई गई। अभियान के दौरान लगभग साढ़े तीन टन कचरा एकत्रित हुआ। 

आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से गीले और सूखे कचरे को अलग किया गया। अधिकांश कचरा सूखा था, जिसमें खाने की पैकिंग और हार्ड प्लास्टिक शामिल थे। इसे नेप्रा प्लांट भेजा गया, जहां कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर रिसाइकिल किया जाएगा। वहीं, कम मात्रा में निकले गीले कचरे को खाद बनाने के लिए भेजा गया। नगर निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य कचरे का उचित निष्पादन और पुनर्चक्रण सुनिश्चित करना है।