03 March 2026: दुबई में फंसे इंदौर के पूर्व MLA सजंय शुक्ला सहित अन्य यात्री अब लौट रहे स्वदेश, पढ़ें इंदौर की खबरें
इंदौर में सीवर टैंक में सफाई करने उतरे 2 निगमकर्मियों की मौत, CM ने की 30-30 लाख मुआवजे की घोषणा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव नहीं मनाएंगे होली-रंगपंचमी, गैर में भी नहीं होंगे शामिल।
दुबई एयरपोर्ट से कुछ फ्लाइट्स शुरू, पूर्व विधायक सहित कई उद्योगपति वापस लौटे रहे
इजराइल-ईरान जंग के कारण यूएई में फंसे इंदौर के पूर्व MLA और उद्योगपति समेत कई यात्री अब भारत लौट रहे हैं। दुबई और शारजाह में उड़ानें प्रभावित होने के चलते ये लोग पिछले कुछ दिनों से वहीं रुके हुए थे। दुबई एयरपोर्ट से कुछ फ्लाइट्स शुरू हो गई है। वहीं, शारजाह-इंदौर फ्लाइट आज भी कैंसिल है।

लौटने वालों में पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल, आदित्य शर्मा सहित अन्य यात्री शामिल हैं। सभी सुरक्षित वापस आ रहे हैं। सभी लोग पिछले कुछ दिनों से दुबई में मौजूद थे।
सीवर टैंक में सफाई करने उतरे 2 निगमकर्मियों की मौत, CM ने की 30-30 लाख मुआवजे की घोषणा
इंदौर में सोमवार शाम को सीवर टैंक में घुसने से नगर निगम के दो कर्मचारियों की मौत हो गई। घटना जोन 13 में चोइथराम मंडी गेट के पास की है। निगमकर्मी सीवर टैंक की सफाई करने उतरे थे। टैंक 25-30 फीट गहरा था और उसके अंदर जहरीली गैस से दोनों का दम घुट गया। मृतकों की पहचान करण यादव और अजय डोडिया के तौर पर हुई है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले का संज्ञान लिया और मृतक कर्मचारियों के परिजनों को 30-30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।

जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों की ड्यूटी शाम 5 बजे तक थी। उस समय मौके पर तीन कर्मचारी मौजूद थे। शाम करीब 6:30 बजे नगर निगम के कर्मचारी जोन-13 क्षेत्र में सीवर सफाई कर रहे थे। चैंबर को मशीन के जरिए खाली किया जा रहा था। सक्शन टैंकर से नियमित सफाई चल रही थी। इसी दौरान सफाई में उपयोग हो रहा एक इक्विपमेंट/पाइप का हिस्सा चैंबर के भीतर गिर गया। पाइप का हिस्सा निकालने के लिए एक कर्मचारी नीचे उतरा। कुछ देर बाद उसकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दूसरा कर्मचारी भी चैंबर में उतर गया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव का बड़ा फैसला, नहीं मनाएंगे होली-रंगपंचमी, गैर में भी नहीं होंगे शामिल
इंदौर में हाल ही में भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई लोगों की मौतों और सैकड़ों लोगों के बीमार होने की घटना के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बड़ा फैसला लिया है। महापौर ने घोषणा की है कि वे इस बार होली और रंगपंचमी का उत्सव नहीं मनाएंगे और ना ही पारंपरिक गैर में शामिल होंगे। हालांकि नगर निगम की गैर परंपरागत रूप से निकाली जाएगी, लेकिन उसमें महापौर की मौजूदगी नहीं रहेगी। गौरतलब है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल के कारण हालात गंभीर हो गए थे, जिसके बाद प्रशासन और नगर निगम पर सवाल भी खड़े हुए। अब महापौर के इस फैसले को संवेदनशीलता और नैतिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।

दरअसल, इंदौर में भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी की वजह से कई लोगों की मौत और सैकड़ों के बीमार होने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक घटना से आहत होकर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बड़ा निर्णय लिया है। महापौर ने घोषणा की है कि वे इस वर्ष होली और रंगपंचमी का उत्सव नहीं मनाएंगे। इतना ही नहीं, इंदौर की प्रसिद्ध रंगपंचमी गैर में भी वे शामिल नहीं होंगे। नगर निगम की ओर से गैर पारंपरिक तरीके से निकाली जाएगी, लेकिन महापौर उसमें भाग नहीं लेंगे। महापौर का कहना है कि जब शहर का एक हिस्सा शोक और पीड़ा से गुजर रहा हो, तब उत्सव में शामिल होना उचित नहीं है।
होली-रंग पंचमी पर हाई अलर्ट, 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात, पुलिस कमिश्नर ने संभाली कमान
इंदौर में होली और रंग पंचमी को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिसमें पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह खुद सड़कों पर उतरे और शहर के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। राजवाड़ा से लेकर एमजी रोड तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 4 हजार पुलिसकर्मियों के साथ ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी। केमिकल कलर पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इंदौर में होली और रंग पंचमी के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने खुद शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राजवाड़ा, पंडरीनाथ, छत्रीपुरा और एमजी रोड क्षेत्र का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्यूआरएफ, एसटीएफ, पीटीसी और एसएफ कंपनी के 550 जवानों सहित करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

वहीं, शहर के विभिन्न हिस्सों में चार सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, वहीं ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस द्वारा केमिकल युक्त रंगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। केमिकल कलर बनाने वाली फैक्ट्रियों और दुकानों पर छापेमार कार्रवाई कर सैंपल जांचे जा रहे हैं, ताकि लोगों की सेहत से कोई खिलवाड़ न हो सके। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
पारंपरिक गेर के दौरान पहली बार पुलिस ड्रोन टेक्नोलॉजी का सहारा लेने जा रही है
इस बार होली और रंगपंचमी पर आसमान में सिर्फ रंग नहीं उड़ेंगे, बल्कि खाकी की पैनी नजर भी दिखेगी। इंदौर में पारंपरिक गेर के दौरान पहली बार पुलिस ड्रोन टेक्नोलॉजी का सहारा लेने जा रही है। शहर में अलग से ड्रोन कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से पूरे आयोजन की लाइव मॉनिटरिंग होगी। इससे उद्देश्य साफ है त्योहार की मस्ती भी बरकरार रहे और सुरक्षा में कोई चूक भी न हो।

रंगों के इस त्योहार में अब तकनीक भी रंग जमाने को तैयार है। इंदौर पुलिस ने रंगपंचमी और खासकर पारंपरिक गेर को लेकर हाईटेक प्लान तैयार किया है। शहर के अलग-अलग जोन में अस्थायी ड्रोन प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। वहीं पहली बार गेर के लिए अलग से ड्रोन कंट्रोल रूम तैयार किया गया है।जहां से हर गतिविधि पर लाइव नजर रखी जाएगी। ये ड्रोन भीड़ की मूवमेंट, संदिग्ध गतिविधियों और ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

रंगपंचमी पर इंदौर की गेर में लाखों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में जमीन पर तैनात पुलिस बल के साथ अब आसमान से भी निगरानी होगी। ड्रोन कैमरों से मिलने वाली लाइव तस्वीरें सीधे कंट्रोल रूम तक पहुंचेंगी। जहां वरिष्ठ अधिकारी खुद मॉनिटरिंग करेंगे, किसी भी तरह की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की तैयारी की गई है। पुलिस का कहना है कि ड्रोन टेक्नोलॉजी से भीड़ प्रबंधन आसान होगा, साथ ही संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी। तकनीक के इस इस्तेमाल से न सिर्फ सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि लोगों में भी भरोसा बढ़ेगा कि त्योहार पूरी सुरक्षा के बीच मनाया जा रहा है।
कार में तोड़फोड़ करने वाले 4 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, वायरल वीडियो से हुई पहचान
इंदौर में कार चालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई।

दरअसल, लसूड़िया थाना क्षेत्र में सिक्का स्कूल के पास हुई कार तोड़फोड़ और मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, फरियादी राजेश चौधरी अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक लहराते हुए आए और कार के बोनट पर थूक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और शराब के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे नहीं देने पर कार में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके आधार पर लसूडिया पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर तलाश शुरू की। पुलिस ने कुलदीप उर्फ भैय्यू, उज्जवल, शुभम और विशाल को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी कुलदीप ने बेसबॉल डंडे से कार पर हमला किया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हुआ और चालक घायल हो गया। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
होली से पहले पुलिस का एक्शन, 32 गुंडे-बदमाश हिरासत में, 5 अवैध हथियार-2 शराब तस्कर पकड़े
इंदौर में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने के लिए लसूड़िया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के 32 गुंडे, बदमाश और आपराधिक तत्वों को हिरासत में लिया गया है। इनमें 5 आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए हैं, जबकि 2 आरोपी अवैध शराब बेचते पकड़े गए। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, इंदौर में होली त्योहार से पहले शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लसूड़िया पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 32 अपराधियों को हिरासत में लिया है। जिसमें लसुड़िया थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय गुंडे-बदमाशों और वांछित आरोपियों की सूची तैयार कर विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 5 बदमाश अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वहीं, 2 आरोपी अवैध शराब बेचते हुए मिले, जिन पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा 12 ऐसे आरोपी पकड़े गए जो पूर्व में दर्ज अपराधों में वांछित थे, जबकि 13 अन्य बदमाश वर्तमान में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय पाए गए। सभी 32 आरोपियों को गिरफ्तार कर सहायक पुलिस आयुक्त विजयनगर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
होली और रंगपंचमी पर केमिकल युक्त रंगों पर कार्रवाई जारी, पुलिस ने जब्त किया 5 क्विंटल हानिकारक कलर
इंदौर में होली और रंगपंचमी के पावन पर्व पर आमजन की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, इंदौर पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीमें स्थानीय बाजारों में सघन चेकिंग कर रही हैं और व्यापारियों और आम जनता को रसायनिक रंगों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का काम किया जा रहा है। साथ ही आमजन को नुकसान पहुंचाने वाले हानिकारक प्रतिबंधित रंगों को जप्त भी किया जा रहा है। दरअसल, दो दिन पहले केमिकल युक्त रंग की जांच को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बैठक रखी थी। बैठक के बाद होली के रंग बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए थे, जिस पर पुलिस ने ये एक्शन लिया है।

पुलिस के द्वारा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों में रंगों और गुलाल की दुकानों पर सरप्राइज चेकिंग की। इस दौरान थाना बाणगंगा द्वारा क्षेत्र में हानिकारक रंगों को जप्त किया गया। रंगो की दुकानों को चेक करते कई प्रकार का रंग पाया गया जो औद्योगिक उपयोग का था जिस पर स्किन पर डायरेक्ट लगाना मना लिखा था किंतु बाज़ार में बिक रहा था। सुरक्षा को ध्यान रखते सभी को जप्त किया गया। इसके अतिरिक्त मोहल्ला मीटिंग में मिलने वाली शिकायतो जहां रामराज से महिलाओं पर उड़ाया जाता है जो बच्चो की आंखो में जलन होना बताया। चूँकि ये औद्योगिक रूप से प्रयोग किया जाता है, इसे रंग के रूप में उपयोग करना प्रतिबंधित है।

सभी दुकानों को चेक किया और 87 बोरी में 2 क्विंटल से अधिक रामरज जब्त किया। इसी प्रकार पुलिस थाना सेंट्रल कोतवाली नॉर्थ तोड़ा की एक दुकान और गोदाम से करीब 100 बोरी रामरज जप्त जप्त किया। वहीं तुकोगंज थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 क्विंटल से अधिक हानिकारक रंग बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि होली पर ऐसी रंगो का उपयोग न करें, जो मानव जीवन के लिए खतरा उत्पन्न करते हो और जिनसे किसी को कुछ नुकसान हो। साथ ही सड़क पर चलते लोगों पर जबरन रंग न डालने और न ही हुड़दंग कर लोगों को परेशान करें, अन्यथा उचित कार्रवाई की जाएगी।
11 कलयुगी महिलाओं की प्रतिकृति का होलिका पर किया गया दहन
इंदौर के महालक्ष्मी नगर में इस बार होली पर एक अनोखा आयोजन हुआ। संस्था “पुरुष” ने “कलयुगी महिलाओं की प्रतिकृति” के रूप में विशेष होलिका दहन किया गया। संस्था के सदस्यों का दावा है कि देश में पुरुषों के साथ न्याय नहीं होता और कई मामलों में महिलाओं के अपराधों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।

इसी संदेश को सामने रखने के लिए होलिका दहन के पुतले पर 10 ऐसी महिलाओं के चेहरे लगाए गए हैं, जिन पर अवैध संबंधों के चलते अपने ही बच्चों की हत्या के आरोप लगे थे। इनमें सीमा उर्फ लाली, भारती, संजुदेवी, ज्योति राठौड़, दुर्गावती सिंह, सूचना सेठ, मुस्कान, पूनम, सुनीता शर्मा, शरण और प्रियंका के नाम शामिल बताए गए हैं। आयोजन स्थल पर पुतले के पास एक नीला ड्रम, सूटकेस और बच्चे के कटे सिर का प्रतीकात्मक पुतला भी रखा गया है, जो हाल के चर्चित मामलों की ओर इशारा करता है।
रंगोत्सव से पहले पुलिस अलर्ट, जवानों को दिया CPR प्रशिक्षण, आपात स्थिति में जान बचाने की तैयारी
रंगों के त्यौहार होली और रंग पंचमी को देखते हुए इंदौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है।कानून-व्यवस्था के साथ-साथ अब पुलिस जवानों को आपातकालीन चिकित्सा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसी कड़ी में इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में पुलिस विभाग के जवानों के लिए सीपीआर यानी कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

दरअसल, इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह की मौजूदगी में सीपीआर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों ने जवानों को लाइव डेमो देकर प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जवानों को बताया गया कि किसी व्यक्ति की सांस रुकने या हार्ट अटैक जैसी स्थिति में तुरंत सीपीआर देकर उसकी जान कैसे बचाई जा सकती है। डॉक्टरों ने प्रैक्टिकल तरीके से समझाया कि किस तरह छाती पर सही स्थान और सही गति से दबाव देना जरूरी होता है, जिससे मरीज की सांस और दिल की धड़कन को दोबारा चालू किया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान जवानों ने खुद भी अभ्यास किया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत प्रभावी कदम उठा सकें। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर रहते हैं, ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को तैयार रहना बेहद जरूरी है। यही वजह है कि पुलिस जवानों को न केवल सुरक्षा बल्कि जीवन रक्षक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों की जान बचा सकें।
इंदौर में शिया मस्जिद पर किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर
इज़राइल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के शीर्ष नेतृत्व की मौत की खबर के बाद इंदौर में शिया समुदाय के लोगों द्वारा छत्री बाग इलाके में स्थित शिया मस्जिद पर किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है, पुलिस शिया संप्रदाय की गतिविधियों पर निगाह बनाए हुए है। इस संवेदनशील मुद्दे पर इंदौर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कुमार सिंह ने बताया कि शहर में चार से पाँच हजार तक की शिया आबादी है, जिसके चलते संवेदनशील इलाकों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। अमित कुमार सिंह ने बताया कि छत्रीपुरा थाना क्षेत्र की मस्जिद और आसपास के शिया इलाके में आने वाले हिस्सों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेशों की राजनीतिक घटनाओं का स्थानीय माहौल पर असर न पड़े, इस दिशा में पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

एडिशनल कमिश्नर ने कहा कि गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार हर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार का अलोकतांत्रिक या हिंसक विरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी प्रदर्शन होगा, वह पूर्णतः लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होना चाहिए। किसी भी तरह की उग्र गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में हुए प्रदर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखा गया और किसी तरह की अशांति नहीं होने दी गई। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सोशल मीडिया पर भी मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है।
Varsha Shrivastava 
