हमलावर पायलट का हुआ ब्रेनवॉश : नेतन्याहू बोले- यहूदी विरोधी था, सहकर्मी ने कहा- महिलाओं से नहीं करता था हैंडशेक

Flydubai Hijack Attempt :इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बताया कि आरोपी विमान को गिराने की कोशिश कर रहा था। पकड़े जाने के बाद वह क्रू मेंबर्स से बार-बार खुद को मार देने की बात कह रहा था।

हमलावर पायलट का हुआ ब्रेनवॉश : नेतन्याहू बोले- यहूदी विरोधी था, सहकर्मी ने कहा- महिलाओं से नहीं करता था हैंडशेक

Flydubai Hijack Attempt : तेल अवीव। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि फ्लाइट में पायलट पर हमला करने वाला आरोपी इस्लामी कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था। उन्होंने फॉक्स न्यूज से बातचीत में यह दावा किया।

नेतन्याहू का बयान और आरोपी का व्यवहार

इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बताया कि आरोपी विमान को गिराने की कोशिश कर रहा था। पकड़े जाने के बाद वह क्रू मेंबर्स से बार-बार खुद को मार देने की बात कह रहा था। इससे लगता है कि वह आत्महत्या करना चाहता था। इजराइली मीडिया के अनुसार, आरोपी के एक सहकर्मी ने बताया कि वह महिलाओं से हाथ नहीं मिलाता था और दिन में कई बार नमाज पढ़ता था।

कॉकपिट में चाकू से हमला, विमान गिरा

ओमानी को-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया और विमान हाईजैक करने की कोशिश की। इस दौरान विमान कुछ ही मिनटों में हजारों फीट नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला। यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने आरोपी को काबू कर लिया। दूसरे पायलटों ने विमान को संभाला और सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंडिंग कराई।

कॉकपिट में हथियार कैसे पहुंचा

जांच में सबसे बड़ा सवाल यह है कि कॉकपिट में हथियार कैसे पहुंचा। एक इजराइली अधिकारी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस्तेमाल की गई वस्तु आपातकालीन उपकरण से जुड़ी थी या नहीं। अभी तक यह साफ नहीं हुआ कि सुरक्षा जांच में कोई चूक हुई या नहीं।

आरोपी की नौकरी और ओमान-इजराइल संबंध

आरोपी ने फ्लाईदुबई में करीब नौ महीने पहले नौकरी शुरू की थी। उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। सवाल यह भी है कि उसे इजराइल जाने वाली फ्लाइट में ड्यूटी कैसे मिली। ओमान और इजराइल के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। ओमान फिलिस्तीन की स्वतंत्रता का समर्थन करता है।

सुरक्षा जांच पर सवाल और UAE जांच

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले भी कई ओमानी पायलट तेल अवीव पहुंच चुके थे। इजराइल ने पायलटों की सुरक्षा जांच विदेशी एयरलाइंस पर छोड़ रखी थी। शिन बेट ने फ्लाईदुबई पायलटों की बैकग्राउंड जांच नहीं की थी। आरोपी को UAE के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। UAE अब जांच कर रहा है कि हमला आतंकवादी साजिश थी या पहले से योजना बनाई गई थी। इजराइली रक्षा मंत्री ने इसे जिहादी आतंकवादी हमला बताया है।