Asian Games 2026: कमलजीत-सुरुचि ने जीता गोल्ड, ऐश्वर्य-नीरज-रुद्रांक्ष ने दिलाया सिल्वर

Asian Games 2026 में भारतीय शूटर्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। कमलजीत और सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में गोल्ड, जबकि ऐश्वर्य, नीरज और रुद्रांक्ष ने 50 मीटर राइफल 3P टीम इवेंट में सिल्वर जीता।

Asian Games 2026: कमलजीत-सुरुचि ने जीता गोल्ड, ऐश्वर्य-नीरज-रुद्रांक्ष ने दिलाया सिल्वर

Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारतीय शूटर्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। शूटिंग में भारत ने एक ही दिन में एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया। कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल की तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया।

कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी ने जीता गोल्ड

10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। कमलजीत और सुरुचि ने कुल 484.6 अंक हासिल करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू की जोड़ी 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही और उसे सिल्वर मेडल मिला। वहीं ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। कमलजीत और सुरुचि ने कुल 587 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान के साथ फाइनल में जगह बनाई थी। इसमें उनके 29 इनर-10 शामिल रहे।

शूटिंग में भारत का गोल्ड का इंतजार खत्म

10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में यह भारत के लिए गोल्ड जीतने का आखिरी मौका था। कमलजीत इंडिविजुअल क्वालिफिकेशन में 9वें, जबकि सुरुचि 26वें स्थान पर रही थीं। दोनों व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकी थीं।

ऐसे में मिक्स्ड टीम इवेंट में दोनों ने शानदार वापसी करते हुए भारत को शूटिंग में स्वर्ण पदक दिलाया। फाइनल में भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंत तक इसे कायम रखा।

ऐश्वर्य, नीरज और रुद्रांक्ष ने जीता सिल्वर

इसके बाद पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल की भारतीय तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता।

भारतीय टीम ने कुल 1762 अंक हासिल किए। चीन ने 1766 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि दक्षिण कोरिया को 1751 अंक के साथ ब्रॉन्ज मिला।

ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 589 अंक और नीरज कुमार ने 588 अंक हासिल कर व्यक्तिगत 3P स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बनाई। हालांकि, एक देश से अधिकतम दो निशानेबाजों के व्यक्तिगत फाइनल में प्रवेश के नियम के चलते रुद्रांक्ष पाटिल व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके।

एक दिन में दो मेडल से बढ़ा भारत का खाता

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स लगातार पदक जीत रहे हैं। कमलजीत-सुरुचि के गोल्ड और ऐश्वर्य-नीरज-रुद्रांक्ष के सिल्वर ने शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या को और बढ़ा दिया है। इससे पहले विमेंस क्रिकेट टीम भी भारत के लिए गोल्ड मेडल जीत चुकी है।