Gandhi Jayanti 2026 : गांधी-शास्त्री जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने दी श्रद्धांजलि, मंत्री सारंग ने स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश
Gandhi Jayanti 2026 : विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा भवन के पूर्वी द्वार पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
Gandhi Jayanti 2026 : भोपाल। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर भोपाल में श्रद्धांजलि और स्वदेशी जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित हुए। विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को याद किया।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने अर्पित की श्रद्धांजलि
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा भवन के पूर्वी द्वार पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गांधी-नेहरू कक्ष में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के तेल चित्रों पर माल्यार्पण किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों का स्मरण किया। इस मौके पर विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे।

मंत्री सारंग ने दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गांधी जयंती पर स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों को स्वदेशी का संकल्प दिया था। उनका जीवन सादगी, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी विचारों से प्रेरित था। आज जरूरत है कि हम उनके विचारों को आगे बढ़ाएं और ज्यादा से ज्यादा स्वदेशी वस्तुओं का इस्तेमाल करें।

महापौर के साथ खादी स्टोर पहुंचे मंत्री
मंत्री विश्वास सारंग भोपाल महापौर मालती राय के साथ खादी ग्रामोद्योग स्टोर पहुंचे। दोनों ने खादी वस्त्र और स्वदेशी उत्पाद खरीदे। मंत्री सारंग ने कहा कि खादी सिर्फ वस्त्र नहीं है। यह आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन और देश के कारीगरों के सम्मान का प्रतीक है।

वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत का आह्वान
मंत्री सारंग ने नागरिकों से खादी और स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर बनी वस्तुओं की खरीद से कारीगरों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलता है। इससे वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलती है। गांधी जयंती पर दिए गए इस संदेश से स्वदेशी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास साफ दिखा।



