रोहित शर्मा को बैक कर रहे गंभीर, क्या 2027 वनडे वर्ल्ड कप का रास्ता हुआ साफ?

रोहित शर्मा को गौतम गंभीर का पूरा समर्थन मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक टीम मैनेजमेंट उन्हें बिना दबाव के खेलने देना चाहता है. जानिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर क्या है प्लान.

रोहित शर्मा को बैक कर रहे गंभीर, क्या 2027 वनडे वर्ल्ड कप का रास्ता हुआ साफ?

रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर लंबे समय से चर्चा जारी है। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद उनसे वनडे टीम की कप्तानी ले ली गई थी, जिसके बाद यह सवाल उठने लगे कि क्या वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की योजनाओं का हिस्सा हैं। अब इस पूरे मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर फिलहाल रोहित शर्मा के साथ मजबूती से खड़े हैं। गंभीर का मानना है कि रोहित को बिना किसी अतिरिक्त दबाव के अपना स्वाभाविक खेल खेलने दिया जाना चाहिए। यह खबर ऐसे समय आई है जब इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में रोहित के फ्लॉप होने के बाद उनके भविष्य पर फिर सवाल उठने लगे थे।

गंभीर का साफ संदेश- खुलकर खेलें रोहित

इंडिया टुडे से जुड़े पत्रकार नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट के अनुसार, गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को साफ संदेश दिया है कि उन्हें अपने खेल में किसी तरह का बदलाव करने की जरूरत नहीं है। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि रोहित बिना दबाव के उसी अंदाज में बल्लेबाजी करें, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि रोहित इस समय कुछ दबाव में नजर आ रहे हैं। ऐसे में उन्हें मानसिक रूप से थोड़ा स्पेस देने की जरूरत है। अगर हर मैच के बाद उनकी जगह और प्रदर्शन पर सवाल उठते रहेंगे तो इसका असर उनके खेल पर पड़ सकता है।

'भरोसा सबसे बड़ा हथियार'

रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट का मानना है कि रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी तब अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं, जब उन पर बाहरी दबाव कम होता है। हर पारी का जरूरत से ज्यादा विश्लेषण करने के बजाय उन्हें पूरा समर्थन देना ज्यादा बेहतर विकल्प है।

मैनेजमेंट का मानना है कि अगर रोहित मानसिक रूप से पूरी तरह सहज होंगे तो अकेले अपने दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। कई बार खिलाड़ियों पर भरोसा जताना तकनीकी बदलावों से भी ज्यादा असरदार साबित होता है।

वर्ल्ड कप को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं

हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रोहित शर्मा को बैक करने का फैसला सीधे तौर पर 2027 वनडे वर्ल्ड कप से जुड़ा नहीं है। फिलहाल टीम मैनेजमेंट का पूरा फोकस मौजूदा सीरीज और रोहित से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाने पर है। वर्ल्ड कप में वह खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

कप्तानी गई, लेकिन टीम में जगह बरकरार

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा था। हालांकि टीम खिताब जीतने से चूक गई। इसके बाद उन्होंने भारत को चैंपियंस ट्रॉफी भी जिताई, लेकिन टूर्नामेंट के बाद वनडे टीम की कप्तानी शुभमन गिल को सौंप दी गई। कप्तानी छिनने के बावजूद रोहित टीम के प्रमुख ओपनर बने रहे। शुभमन गिल की कप्तानी में उन्होंने 13 वनडे मैचों में 46.91 की औसत से 563 रन बनाए, जिससे साफ है कि टीम मैनेजमेंट अभी भी उन्हें अपनी योजनाओं का अहम हिस्सा मान रहा है।