इंदौर: संभागायुक्त और श्रम आयुक्त कार्यालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी
इंदौर में संभागायुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
इंदौर में संभागायुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय को दोपहर 2:10 बजे बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी एक अज्ञात मेल आईडी के माध्यम से शासकीय ईमेल पर भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई।

सूचना मिलते ही दोनों कार्यालयों को सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत खाली कराया गया। मौके पर बी.डी.डी.एस. टीम, बॉम्ब स्क्वाड और डॉग स्क्वाड तैनात किए गए, जबकि एमजी रोड पुलिस की टीम भी सघन सर्चिंग में जुट गई। पुलिस ने आधुनिक उपकरणों और तकनीकी सहायता से दोनों कार्यालयों के हर कमरे की बारीकी से जांच की।

इस दौरान कर्मचारियों में तनाव की स्थिति देखने को मिली, लेकिन राहत की बात यह रही कि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एसीपी विनोद दीक्षित ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और धमकी देने वाले की पहचान के लिए तकनीकी और साइबर माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं।

कर्मचारी हरीश दवे और अरुण सिंह राजपूत ने बताया कि प्रशासन की तुरंत कार्रवाई से कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। दोनों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं चिंता का कारण हैं, लेकिन पुलिस और सुरक्षा टीम की तत्परता से उन्हें भरोसा मिला।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में लगी हुई है और धमकी भेजने वाले की डिजिटल पहचान और स्थान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Varsha Shrivastava 
