महू में छात्रा से दुष्कर्म, खुद को यूनिवर्सिटी पासआउट बताकर दी लिफ्ट, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर के महू में यूनिवर्सिटी छात्रा से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को यूनिवर्सिटी पासआउट बताकर पीड़िता को लिफ्ट दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी को पकड़ा।

महू में छात्रा से दुष्कर्म, खुद को यूनिवर्सिटी पासआउट बताकर दी लिफ्ट, आरोपी गिरफ्तार
GOOGLE

इंदौर जिले के महू क्षेत्र में एक निजी यूनिवर्सिटी की छात्रा से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को यूनिवर्सिटी से पासआउट बताकर पीड़िता को लिफ्ट दी थी और फिर वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, महू स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्रा कॉलेज से अपने हॉस्टल जा रही थी, जो करीब 10 मिनट की दूरी पर स्थित है। हॉस्टल जाने के लिए छात्रा रैपिडो बुक करने की कोशिश कर रही थी, तभी एक युवक बाइक से वहां पहुंचा और खुद को यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र बताकर उसे लिफ्ट देने की बात कही।

आरोपी छात्रा को पिगडंबर क्षेत्र की ओर ले गया, जहां सुनसान जगह पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने हॉस्टल पहुंची और पूरी आपबीती अपनी सहेली को बताई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए किशनगंज पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।