पत्नी का शौक पड़ा भारी: पति ने शोरूम से चुराई 23 लाख की कार, GPS लोकेशन ने खोला राज
भोपाल में फॉक्सवैगन शोरूम के कर्मचारी ने ग्राहक के नाम पर बुक कराई Virtus GT कार, टेस्ट ड्राइव और डिलीवरी के बहाने लेकर हुआ फरार, मॉल में पत्नी चला रही थी चोरी की लग्जरी कार, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लग्जरी कार चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फॉक्सवैगन (Volkswagen) शोरूम के कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के महंगे शौक पूरे करने के लिए 23 लाख रुपए की कार चोरी कर ली। आरोपी ने पहले एक ग्राहक के नाम पर कार बुक कराई और फिर टेस्ट ड्राइव या डिलीवरी के बहाने उसे शोरूम से लेकर फरार हो गया। हालांकि, उसकी यह चाल ज्यादा दिन नहीं चल सकी। कार में लगे GPS की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की कार बरामद कर ली है।
ग्राहक के नाम पर बुक कराई थी कार
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से भोपाल के फॉक्सवैगन कार शोरूम में काम कर रहा था। इसी दौरान उसने शोरूम के सिस्टम का फायदा उठाकर एक ग्राहक के नाम पर वर्टस जीटी (Virtus GT) कार बुक कराई।
इसके बाद आरोपी ने कार को शोरूम से बाहर निकालने का रास्ता बनाया। वह टेस्ट ड्राइव या डिलीवरी के बहाने करीब 23 लाख रुपए कीमत की नई कार लेकर गायब हो गया। शुरुआत में इस चोरी का पता नहीं चला, लेकिन जब कंपनी ने अपने स्टॉक का मिलान किया तो एक कार कम मिली। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
GPS लोकेशन ने खोला चोरी का राज
शिकायत मिलने के बाद अशोका गार्डन थाना पुलिस ने कार की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच और GPS लोकेशन की मदद ली। जांच के दौरान चोरी हुई कार की लोकेशन आशिमा मॉल के पास मिली।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो कार आरोपी की पत्नी चलाती हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और शोरूम कर्मचारी गजेंद्र की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली।
पत्नी को महंगी कारों में घूमने का था शौक
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पत्नी को महंगी और लग्जरी कारों में घूमने का शौक था। बताया जा रहा है कि पत्नी के इसी शौक को पूरा करने के लिए आरोपी ने चोरी की योजना बनाई और अपने ही शोरूम को निशाना बनाया।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार चोरी की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी को कार चोरी होने की जानकारी पहले से थी या नहीं। फिलहाल 23 लाख रुपए की कार बरामद होने के साथ ही मामले में आरोपी कर्मचारी पुलिस की गिरफ्त में है।
Varsha Shrivastava 
