Maihar News : ओवरलोड ट्रक पर 1.22 लाख रुपए का जुर्माना, क्षमता से 20 टन अधिक भरा था माल
Maihar News : मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर 20 टन अतिरिक्त माल से भरा ट्रक पकड़ा गया। न्यायालय ने वाहन मालिक पर 1,22,200 रुपए का जुर्माना लगाया।
Maihar News : मैहर। नेशनल हाईवे-30 पर ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने एक ट्रक के मालिक पर बड़ी कार्रवाई कराई है। न्यायालय ने निर्धारित क्षमता से करीब 20 टन अधिक माल लोड करने के मामले में वाहन स्वामी पर 1 लाख 22 हजार 200 रुपए का जुर्माना लगाया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP66ZE6899 26 अक्टूबर को नेशनल हाईवे-30 पर इंडियन कॉफी हाउस के पास खड़ा मिला था। यातायात पुलिस की जांच में ट्रक ओवरलोड पाया गया। वजन कराने पर उसमें निर्धारित क्षमता से करीब 20 टन अधिक माल लोड होने की पुष्टि हुई।
मामले में यातायात पुलिस ने ट्रक के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए मैहर न्यायालय में इस्तगासा पेश किया था। शनिवार को मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने वाहन स्वामी पर 1 लाख 22 हजार 200 रुपए का जुर्माना लगाया।
यातायात प्रभारी कृष्णा मिश्रा ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

