मैदान पर एक्सरसाइज करते समय 15 साल के किशोर की मौत : बड़े भाई के साथ प्रैक्टिस देखने पहुंचा था कनिष्क
Indore News : इंदौर के अटल मैदान में एक्सरसाइज करते समय 15 वर्षीय कनिष्क बोयत अचानक गिर पड़ा। भाई ने CPR देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
Indore News : मध्य प्रदेश। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 15 वर्षीय कनिष्क बोयत की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। कनिष्क अपने बड़े भाई दिव्यांश के साथ अटल मैदान पहुंचा था। यहां भाई को रनिंग और एक्सरसाइज करते देख कनिष्क भी व्यायाम करने लगा, लेकिन कुछ ही देर में वह अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा। बड़े भाई ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे बचाने की कोशिश की और CPR भी दिया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दरअसल, इंदौर के स्कीम नंबर 78 निवासी कनिष्क शनिवार को अपने बड़े भाई दिव्यांश के साथ अटल मैदान गया था। दिव्यांश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा है और रोजाना मैदान में प्रैक्टिस करता है। कनिष्क केवल भाई की तैयारी देखने पहुंचा था, लेकिन उसे एक्सरसाइज करते देख खुद भी व्यायाम करने लगा। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कनिष्क के दिल में बचपन से छेद था और परिवार उसका ऑपरेशन कराने के लिए दूसरे शहर ले जाने की तैयारी कर रहा था। सात साल पहले भी वह एक बार अचानक गिर गया था। फिलहाल लसूड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

