TRIPLE T अभियान के तहत इंदौर में दूध की त्वरित जांच, रैपिड टेस्टिंग में नहीं मिली मिलावट
TRIPLE T Campaign : कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम Food Safety on Wheels के माध्यम से विभिन्न खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग कर रही है।
TRIPLE T Campaign : मध्य प्रदेश। इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने TRIPLE T – Trust Through Testing अभियान के तहत दूध की गुणवत्ता परखने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। Food Safety on Wheels और Rapid Milk Testing Kit की मदद से शहर की डेयरियों और फेरी विक्रेताओं के दूध की मौके पर ही जांच की गई। शुरुआती जांच में किसी भी नमूने में मिलावट नहीं पाई गई।

दरअसल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) के मार्गदर्शन और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर इंदौर में TRIPLE T यानी "Trust Through Testing" अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम Food Safety on Wheels के माध्यम से विभिन्न खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग कर रही है।

इसी अभियान में पहली बार Rapid Milk Testing Kit को भी शामिल किया गया है, जिससे दूध की गुणवत्ता की त्वरित जांच मौके पर ही की जा रही है। जिसके तहत टीम ने शहर की श्री कृष्णा दूध डेयरी, वृंदावन डेयरी, फार्मर्स मिल्ककार्ट, श्री जी दूध डेयरी, कृष्णा मिल्क सेंटर, महावीर दूध डेयरी सहित 8 से 10 फेरी विक्रेताओं के दूध की जांच की। प्रारंभिक रैपिड टेस्टिंग में किसी भी नमूने में मिलावट सामने नहीं आई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर नमूनों की प्रयोगशाला में विस्तृत जांच भी कराई जाएगी। विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों में गुणवत्ता सुधार और आम नागरिकों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति विश्वास मजबूत करना है।



