US Iran War : अमेरिका का ईरान में शादी समारोह पर हमला, 5 की मौत कई घायल; जॉर्डन- बहरीन में ईरान का जवाबी अटैक

US Iran War : ईरानी अधिकारियों के अनुसार, सिरिक इलाके में एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। 50 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं।

US Iran War : अमेरिका का ईरान में शादी समारोह पर हमला, 5 की मौत कई घायल; जॉर्डन- बहरीन में ईरान का जवाबी अटैक

US Iran War : तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान के कई इलाकों में नए हमले किए। रिपोर्टों के मुताबिक, सिरिक, खुजस्तान, केशम द्वीप और बंदर अब्बास के आसपास सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह तीन दिन में अमेरिका की दूसरी बड़ी सैन्य कार्रवाई बताई जा रही है। अमेरिका का कहना है कि उसके हमले ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने के लिए किए गए हैं।

शादी समारोह के दौरान गिरी मिसाइल

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, सिरिक इलाके में एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। 50 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं। मृतकों में एक चार साल का बच्चा भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हमले के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में घायल लोगों को अस्पताल में इलाज कराते देखा गया। हालांकि, इन घटनाओं से जुड़ी सभी जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

खुजस्तान में भी मौतों का दावा

ईरान ने खुजस्तान प्रांत में अमेरिकी हमले में सात लोगों की मौत और आठ लोगों के घायल होने का दावा किया है। सरकारी एजेंसी IRNA के अनुसार, यहां तीन स्थानों को निशाना बनाया गया। दूसरी ओर अमेरिका का कहना है कि उसके हमलों में ईरान के सैन्य ठिकाने और सैन्य क्षमता से जुड़े स्थान निशाने पर थे। दोनों देशों के दावों के बीच स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है।

ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमला किया

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के अनुसार, जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया गया।

ईरान ने इन हमलों में अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने जॉर्डन में किसी अमेरिकी सैनिक के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है। जॉर्डन ने भी कई मिसाइलों को रोकने की जानकारी दी है।

USS अब्राहम लिंकन थाईलैंड पहुंचा

इसी बीच अमेरिकी नौसेना का विमानवाहक पोत USS अब्राहम लिंकन बुधवार को थाईलैंड के लाम चाबांग बंदरगाह पहुंचा। यह पोत करीब 286 दिनों तक समुद्र में रहने के बाद पांच दिन के ठहराव के लिए थाईलैंड पहुंचा है। पोत पर करीब 5,000 नौसैनिक और मरीन तैनात हैं। यह लंबे समय से पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अभियान का हिस्सा रहा है।

लंबे मिशन के बाद चालक दल को आराम

लंबे समय तक समुद्र में रहने के कारण पोत पर तैनात कर्मचारियों और सैनिकों को आराम का सीमित मौका मिला। इस वजह से उनके रहने की परिस्थितियों और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई गई है।

थाईलैंड में पांच दिन का ठहराव चालक दल के आराम और जरूरी व्यवस्थाओं के लिए है। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच हमले जारी रहने से पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।