इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न: अभिनेता गोविंदा ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
भोपाल के इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में अभिनेता गोविंदा मुख्य अतिथि बने। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया।
भोपाल। इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, भोपाल का वार्षिकोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। ‘प्रगति से परंपरा तक’ थीम पर आयोजित इस भव्य समारोह में बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, सालभर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत गीत और विद्यालय एंथम की प्रस्तुति दी गई। समारोह में भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार, विद्यालय के चेयरमैन अशोक नंदा, वाइस चेयरमैन आलोक नंदा, डायरेक्टर अरुणा नंदा और प्राचार्या दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

भारतीय संस्कृति और आधुनिकता का दिखा संगम
‘प्रगति से परंपरा तक’ विषय को केंद्र में रखते हुए नर्सरी से कक्षा 11वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शास्त्रीय नृत्य, नाट्य मंचन और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति के साथ आधुनिक विकास की झलक दिखाई गई। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान
वार्षिकोत्सव के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद, संगीत और कला के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय किशोर गलगल पुरस्कार, सुकन्या पुरस्कार, मैत्री पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

गोविंदा ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि अभिनेता गोविंदा ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और अपने विद्यालय जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सहजता और उत्साह की सराहना की। उनकी मौजूदगी विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में प्राचार्या दीप्ति सिंह ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी दी।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ वार्षिकोत्सव का समापन हुआ।

