Bhopal IAS Murder Case : फरार केयरटेकर पर 50 हजार का इनाम, 4 राज्यों में आरोपी को ढूंढ रही पुलिस
Bhopal IAS Murder Case : भोपाल के रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार केयरटेकर वरुण पर 50,000 रूपए का इनाम घोषित किया है।
Bhopal IAS Murder Case : भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस जांच एक अहम मोड़ पर पहुंच गई है। घटना के बाद से फरार मुख्य संदिग्ध केयरटेकर वरुण कुमार की गिरफ्तारी पर पचास हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। उसे पकड़ने के लिए पंद्रह विशेष टीमें मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर रही हैं।
पत्नी के बयान से सामने आया आर्थिक विवाद
मृतक की पत्नी निशि अग्रवाल के बयान के बाद मामले में बड़ा खुलासा हुआ। उन्होंने लगभग पांच करोड़ रुपये के लंबे आर्थिक विवाद के बारे में बताया। राकेश अग्रवाल ने निवेश के पैसे वापस न मिलने पर अजीत पटनी के खिलाफ एक करोड़ और अवधेश दुबे के खिलाफ चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले दर्ज कराए थे। अक्टूबर के पहले हफ्ते में इस मामले से जुड़ी अहम गवाही होनी थी। पुलिस अब इस लेन-देन और गवाही का हत्या से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच कर रही है।
मथुरा में मिली फरार आरोपी की लोकेशन
आरोपी वरुण कुमार ने हाल में अपनी पुरानी सिम कार्ड चालू की। इससे उसकी लोकेशन मथुरा में मिली। पुलिस ने उस क्षेत्र में घेराबंदी तेज कर दी है। वरुण का परिवार ग्वालियर में रहता है। उसकी बहन पटियाला में रहती है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से उसे पकड़ने की कोशिश में जुटी है। जांच जारी है।

