Teacher Bad Touch : टीचर ने कॉपी चेक करते वक्त किया बैड टच, 5वीं की छात्रा का आरोप; स्कूल में चलाते रहते हैं मोबाइल
Teacher Bad Touch : सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली क्लास 5th की बच्ची ने आरोप लगाया कि टीचर कैलाश पटेल कॉपी चेक कराने के समय गंदे तरीके से छूते हैं और महिला स्वीपर के साथ बाथरूम में घुसे रहते हैं।
Teacher Bad Touch : सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम मिरौनी स्थित सरकारी स्कूल में पदस्थ शिक्षक कैलाश पटेल पर कक्षा 5वीं की छात्रा ने गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है। छात्रा के परिवार ने मामले को लेकर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से लिखित शिकायत की है। शिकायत में शिक्षक के स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देने और स्कूल समय में मोबाइल फोन में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया गया है।
कॉपी चेक करते समय गलत तरीके से छूने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, कक्षा 5वीं की छात्रा ने आरोप लगाया कि कॉपी चेक कराने के दौरान शिक्षक उसे गलत तरीके से छूते हैं। छात्रा का यह भी कहना है कि जब बच्चे शिक्षक से पढ़ाने के लिए कहते हैं तो उन्हें डांट दिया जाता है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। अधिकारियों ने जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
स्कूल टाइम में मोबाइल में व्यस्त रहने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक स्कूल में बच्चों की पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते और अक्सर मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं। शिकायत में स्कूल में पदस्थ महिला स्वीपर के साथ शिक्षक के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
रसोइया ने भी लगाए पढ़ाई को लेकर आरोप
स्कूल में कार्यरत रसोइया चंद्राबाई चौहान ने भी शिक्षक पर बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चे शिक्षक और स्वीपर महिला के एक साथ रहने को लेकर उनसे अपनी बातें बताते हैं। उन्होंने दावा किया कि पढ़ाने के लिए कहने पर बच्चों को फटकार लगाई जाती है।
डोमनपुर में भी शिकायत का दावा
ग्रामीणों ने शिकायत में दावा किया है कि कैलाश पटेल पहले शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें होने और बाद में ट्रांसफर किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
डीईओ बोलीं- जांच के बाद होगी कार्रवाई
सक्ती की जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने कहा कि बच्चों से अभद्रता की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

