मिठाई में निकला मरा कीड़ा: जांच में मिली गंदगी, दुकान का लाइसेंस सस्पेंड
महावीर स्वीट्स की बर्फी में मिला मरा हुआ कीड़ा, महावीर स्वीट्स पर कार्रवाई, खाद्य लाइसेंस निलंबित
अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में महावीर स्वीट्स की मिठाई में मरा हुआ कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहक की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दुकान के कारखाने का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंदगी और साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कारखाने में मिठाई निर्माण पर रोक लगाने के साथ ही खाद्य लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राहक रमेश कुमार ने सोमवार को महावीर स्वीट्स से 200 रुपए की मिक्स मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचकर जब उन्होंने मिठाई का डिब्बा खोला तो बर्फी में मरा हुआ कीड़ा मिला। इसके बाद ग्राहक ने कलेक्टर और एसडीएम से शिकायत की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर साकेत मालवीय ने जांच के निर्देश दिए। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की टीम कारखाने पहुंची। निरीक्षण में गंदगी, साफ-सफाई का अभाव और खुले में रखी मिठाइयां मिलीं।

टीम ने मौके से काजू टुकड़ी, मावा बर्फी, मोतीचूर लड्डू और मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कारखाने में मिठाई निर्माण पर रोक लगा दी गई है। साथ ही खाद्य लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।

