Bengal Politics : मैं रेजीनगर से लड़ूंगा चुनाव... TMC उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने वापस लिया फैसला
Bengal Politics : रबीउल आलम ने कहा - ममता बनर्जी से बातचीत के बाद मैंने अपना फैसला बदल दिया है। मैं चुनाव लड़ूंगा।
West Bengal Politics : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सियासी ड्रामे के बीच अब रेजीनगर से टीएमसी उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी (Rabiul Alam Chowdhury) ने अपना फैसला बदल लिया है। शनिवार सुबह उपचुनाव से पीछे हटने के बाद अब फिर से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
जानकारी के मुताबिक, रेजीनगर उपचुनाव में ममता बनर्जी गुट के TMC उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे कहा था कि पुराना चुनाव चिह्न यानी ट्विन फ्लावर्स यानी जोड़ा घास फूल नहीं मिलने के कारण वे अपनी उम्मीदवारी वापस ले रहे हैं।
प्रचार की अनुमति नहीं मिलने का भी आरोप
कैंडिडेट रबीउल आलम चौधरी ने कहा कि कम समय में नए चुनाव चिन्ह ‘फुटबॉल प्लेयर’’ को मतदाताओं तक पहुंचाना मुश्किल है। इसके अलावा उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया। हालांकि, करीब 1 बजे उन्होंने कहा - ममता बनर्जी से बातचीत के बाद मैंने अपना फैसला बदल दिया है। मैं चुनाव लड़ूंगा।
एक दिन पहले नंदीग्राम में भी नामांकन वापसी
इससे एक दिन पहले शुक्रवार को नंदीग्राम से ममता गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की। इसके कुछ घंटे बाद मिलन प्रधान की 2007 के एक पुराने हत्या मामले में गिरफ्तारी की बात सामने आई।
दोनों TMC गुटों को मिले अलग नाम और चुनाव चिह्न
TMC के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद के बीच चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को पुराने नाम और ‘जोड़ा घास फूल’ चिह्न का इस्तेमाल करने से रोक दिया है। 17 सितंबर को दोनों गुटों को अलग-अलग नाम और चुनाव चिह्न आवंटित किए गए।
ममता गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉल प्लेयर’ चिह्न दिया गया है। वहीं अरूप रॉय गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न मिला है।
ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
ममता बनर्जी ने TMC के पुराने नाम और ‘जोड़ा घास फूल’ चुनाव चिह्न को फ्रीज करने के चुनाव आयोग के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। याचिका में चुनाव आयोग और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी को पक्षकार बनाया गया है।
6 अक्टूबर को मतदान
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे और रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई है।
नंदीग्राम पर TMC और BJP की नजर
नंदीग्राम लंबे समय से TMC और BJP के बीच राजनीतिक मुकाबले का प्रमुख केंद्र रहा है। 2021 में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इसके बाद 2026 के विधानसभा चुनाव में भी अधिकारी ने नंदीग्राम से जीत दर्ज की। बाद में उन्होंने यह सीट छोड़ दी, जिसके कारण यहां उपचुनाव की स्थिति बनी।

