सरकारी गेस्ट हाउस में अफसरों की शराब पार्टी
सरकारी गेस्ट हाउस में अफसरों की शराब पार्टी धुएं-शोर से पकड़ाए, सभी DSPM प्लांट के अधिकारी, कमरे-फ्रीजर से बोतलें मिलीं मंत्री बोले- एक्शन लें MD
छत्तीसगढ़ के कोरबा में सरकारी गेस्ट हाउस में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत 5 अफसर शराब पीते पकड़ाए। शराब पार्टी की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। मौके से बीयर और शराब की बोतल मिली हैं।
गेस्ट हाउस में बीजेपी नेताओं की मीटिंग थी, तब कार्यकर्ताओं को कमरे में सिगरेट का धुआं भरा दिखा। उन्होंने इसकी सूचना मंत्री लखनलाल देवांगन को दी। मंत्री ने एमपी को कॉल कर अधिकारियों पर कार्रवाई करने को कहा। एमडी ने जांच के बाद एक्शन लेने की बात कही। मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
18 अप्रैल को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक कोरबा दौरे पर थे, उनसे मिलने के लिए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी VIP गेस्ट हाउस पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं को गेस्ट हाउस के कमरे से तेज आवाज और सिगरेट की गंध आ रही थी। मौके पर DSPM प्लांट के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत 5 अफसर शराब पीते पकड़ाए।
कार्यकर्ताओं ने मंत्री लखनलाल देवांगन को सूचना दी कि, रेस्टहाउस के वीआईपी कमरे में कुछ अधिकारी शराब पार्टी कर रहे हैं। इस पर लखनलाल देवांगन ने तत्काल कंपनी के एमडी एसके कटियार से कॉल पर बात की।
अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हालांकि एमडी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। गोवर्धन सिदार खुद इस गेस्ट हाउस के इंचार्ज हैं।
फ्रीजर से शराब की बोतलें बरामद
सीएसईबी रेस्टहाउस के किचन के फ्रीजर से कई शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि रेस्टहाउस में इस तरह की गतिविधियां पहले भी होती रही हैं।

