जम्मू के उधमपुर में सड़क हादसा,16 की मौत, 20 घायल
जम्मू के उधमपुर में सड़क हादसा,16 की मौत, 20 घायल 100 फीट नीचे गिरकर बस पलटी, बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा
जम्मू के उधमपुर में 20 अप्रैल की सुबह एक बस हादसे का शिकार हो गई। रामनगर से आ रही बस जालो के पास सड़क से 100 फीट नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि हादसे का शिकार हुई बस पब्लिक ट्रांसपोर्ट की थी। बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है। भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है। घायलों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट किया जाएगा।

यात्री बोले- बस तेज रफ्तार में थी, टायर फटने से कंट्रोल छूटा
हादसे वाली जगह पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे की वजह बस का ओवर लोड और तेज रफ्तार होना था। घायल यात्रियों से पूछा गया तो वे बोले कि ड्राइवर बहुत तेज बस चला रहा था। बस का टायर फटने से वह स्पीड को कंट्रोल नहीं कर सका। जिसके कारण वह करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिर गई।

