John Ternus बने Apple के नए CEO, ₹551 करोड़ का पैकेज; Tim Cook अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन

15 साल बाद Apple के CEO बदले, John Ternus को मिली कमान; iPhone समेत कई प्रोडक्ट की इंजीनियरिंग टीम संभाल चुके हैं Ternus, Tim Cook संभालेंगे एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की जिम्मेदारी

John Ternus बने Apple के नए CEO, ₹551 करोड़ का पैकेज; Tim Cook अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन

Apple ने John Ternus को कंपनी का नया CEO बनाया है। इससे पहले Ternus Apple में सीनियर हार्डवेयर एग्जीक्यूटिव के पद पर काम कर रहे थे। वहीं, करीब 15 साल तक CEO की जिम्मेदारी संभालने वाले Tim Cook अब कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में रहेंगे।

Tim Cook ने 2011 में Steve Jobs के बाद Apple के CEO का पद संभाला था। उनके नेतृत्व में कंपनी ने दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में अपनी स्थिति और मजबूत की। अब CEO की जिम्मेदारी John Ternus को दी गई है।

2001 में Apple से जुड़े थे John Ternus

John Ternus ने 2001 में Apple की प्रोडक्ट डिजाइन टीम के साथ अपना सफर शुरू किया था। 2013 में उन्हें हार्डवेयर इंजीनियरिंग का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया। इस दौरान उन्होंने iPhone, iPad, Mac, AirPods, Apple Watch और Vision Pro जैसे कई बड़े प्रोडक्ट की हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम का नेतृत्व किया। Ternus Apple की एग्जीक्यूटिव टीम के सबसे युवा सदस्यों में से एक हैं। कंपनी में लंबे समय तक हार्डवेयर से जुड़े काम का अनुभव होने के कारण उन्हें CEO पद के लिए मजबूत दावेदार माना जाता रहा है।

Ternus को मिला ₹551 करोड़ का पैकेज

इस वित्त वर्ष के लिए Apple के नए CEO John Ternus का टारगेट पैकेज करीब 58 मिलियन डॉलर यानी लगभग ₹551 करोड़ है। इसमें 3 मिलियन डॉलर की सालाना सैलरी और अगले साल मिलने वाले करीब 55 मिलियन डॉलर के शेयर शामिल हैं।

वहीं, Tim Cook को एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर करीब 47 मिलियन डॉलर यानी लगभग ₹446 करोड़ का पैकेज मिलेगा। इसमें 2 मिलियन डॉलर की सालाना सैलरी और वित्त वर्ष 2027 में करीब 45 मिलियन डॉलर के शेयर देने की योजना शामिल है। CEO के तौर पर Tim Cook की सालाना सैलरी 3 मिलियन डॉलर थी। उन्होंने पिछले साल करीब 74.3 मिलियन डॉलर कमाए थे। ऐसे में नई भूमिका में उनका कुल पैकेज पहले की तुलना में कम होगा।

Tim के दौर में Apple की वैल्यू कई गुना बढ़ी

Tim Cook 1998 में Apple से जुड़े थे और 2011 में कंपनी के CEO बने। उनके नेतृत्व में Apple की मार्केट वैल्यू करीब 350 बिलियन डॉलर से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई। कंपनी का सालाना रेवेन्यू भी इस दौरान तेजी से बढ़ा। 1998 के दौर में करीब 108 बिलियन डॉलर के स्तर से बढ़कर यह 2025 में 416 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो गया।

सितंबर में नए iPhone लॉन्च कर सकती है कंपनी

Apple का अगला बड़ा लॉन्च इवेंट 9 सितंबर को होने वाला है। कंपनी इस इवेंट में नए iPhone Pro मॉडल पेश कर सकती है। इसके अलावा पहली बार फोल्डेबल iPhone की झलक भी देखने को मिल सकती है। ऐसे में John Ternus के CEO बनने के बाद यह Apple का शुरुआती बड़ा प्रोडक्ट लॉन्च होगा। कंपनी के नए नेतृत्व में Apple किस दिशा में आगे बढ़ता है, इस पर टेक इंडस्ट्री की नजर रहेगी।