Lucknow Road Collapse : लखनऊ में यूनिवर्सिटी रोड पर सड़क धंसी, 8 फीट गहरे गड्ढे में गिरा बाइक सवार
Lucknow Road Collapse : सड़क धंसने के बाद पुलिस ने मौके पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए डायवर्जन लगा दिया। गड्ढे वाले हिस्से को बैरिकेड कर दिया गया है।
Lucknow Road Collapse : उत्तर प्रदेश। लखनऊ में बुधवार सुबह बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया। आईटी चौराहे के पास यूनिवर्सिटी रोड पर अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने से करीब आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसी दौरान एक बाइक सवार गड्ढे में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला। इसके बाद घायल बाइक सवार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पाइपलाइन लीकेज के बाद फिर धंसी सड़क
जानकारी के मुताबिक, जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां पिछले साल भी सड़क फट गई थी। उस समय पाइपलाइन में रिसाव की समस्या सामने आई थी। आरोप है कि पाइपलाइन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसके बाद सड़क के ऊपर दोबारा निर्माण करा दिया गया। बुधवार सुबह बारिश के बीच उसी स्थान पर सड़क फिर से धंस गई। घटना के बाद सड़क निर्माण और पाइपलाइन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
यूपी की राजधानी लखनऊ में जापान की टेक्नोलॉजी से सड़क बनाई गई है.
— Ranvijay Singh (@ranvijaylive) September 2, 2026
इस सड़क पर खड़े होकर आपको बोलना है - "खुल जा सिम सिम"
इतना बोलते ही सड़क खुल जाती है और जापान तक का रास्ता बन जाता है.
ये होता है विजन, ये होता है शानदार काम. BJP सरकार की जय हो. pic.twitter.com/gvAbqpRjz5
पूर्व डिप्टी CM के घर के पास हुआ हादसा
यह घटना उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और लखनऊ के पूर्व मेयर डॉ. दिनेश शर्मा के आवास के पास हुई। वह वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। खास बात यह है कि इसी जगह पर पिछले साल भी सड़क से जुड़ी समस्या सामने आई थी। दोबारा सड़क धंसने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत से पहले जमीन के नीचे की समस्या को ठीक करना जरूरी था।
पुलिस ने लगाया डायवर्जन
सड़क धंसने के बाद पुलिस ने मौके पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए डायवर्जन लगा दिया। गड्ढे वाले हिस्से को बैरिकेड कर दिया गया है। लोगों को दूसरे रास्तों से जाने की सलाह दी जा रही है। इसके कारण पीक ऑवर्स में आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। सुबह के समय लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा।
जल्द जांच का दावा
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने कहा कि अधिकारी जल्द मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच करेंगे। उन्होंने सड़क की स्थिति का परीक्षण कराने और उसे दुरुस्त कराने की बात कही है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता गड्ढे वाले हिस्से को सुरक्षित करना है। इसके बाद सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।

