Bhopal Murder के विरोध में चक्काजाम : आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर उतरे परिजन; हत्या के बाद चोरों ने उखाड़ा सोने के दांत

Bhopal Murder Update : भोपाल में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या के विरोध में परिजनों ने 45 मिनट तक चक्काजाम किया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Bhopal Murder के विरोध में चक्काजाम : आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर उतरे परिजन; हत्या के बाद चोरों ने उखाड़ा सोने के दांत

Bhopal Murder Update : भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। शनिवार को परिजन और परिचित आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर करीब 200 मीटर तक चक्काजाम कर दिया। लगभग 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और परिजन महिला का शव अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।

हत्या के विरोध में परिजनों ने किया प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि बदमाशों ने कलरी देवी की बेरहमी से हत्या की और उनके सोने के दांत तक उखाड़ लिए। परिवार ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि इलाके में पहले भी दो हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन आपराधिक घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भी डर और नाराजगी है।

मल्टी में अकेली रहती थीं कलरी देवी

कलरी देवी पति स्वर्गीय हरिचरण वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी-2 में अकेली रहती थीं। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है। उनका एक बेटा मूकबधिर है, जो श्यामला हिल्स स्थित सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह महिला की हत्या का मामला सामने आया था। शुरुआती जांच में लूट के इरादे से वारदात किए जाने की आशंका जताई गई थी।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि

पुलिस को मिली शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से महिला की मौत होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रस्सी जैसी किसी चीज से उनका गला घोंटा गया था। परिजनों ने इलाके में रहने वाले एक युवक पर शक जताया है। उनका कहना है कि घटना के बाद से वह युवक दिखाई नहीं दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी की भूमिका की पुष्टि नहीं की है।

अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ चक्काजाम

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसीपी अनिल बाजपेयी, कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर और शाहजहांनाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दो थानों की पुलिस ने स्थिति संभाली। अधिकारियों ने परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

यह खबर भी पढ़ें : भोपाल में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या: सोने-चांदी के जेवर लूटे; मुंह से सोने का दांत भी निकाल ले गए बदमाश