Diwali Muhurat Trading Session : दिवाली पर आज शेयर बाजार में होगी मुहूर्त ट्रेडिंग, जानें BSE-NSE का पूरा शेड्यूल
Diwali Muhurat Trading Session : शेयर बाजार में आज दिवाली पर मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। रविवार की छुट्टी के बावजूद होने वाला स्पेशल ट्रेडिंग सेशन 1 घंटे का होगा।
Diwali Muhurat Trading Session : बिजनेस डेस्क। दिवाली के अवसर पर आज रविवार को भी भारतीय शेयर बाजार में कारोबार होगा। BSE और NSE पर मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए एक घंटे का विशेष सेशन आयोजित किया जाएगा। रविवार की नियमित छुट्टी के बावजूद निवेशकों को इस खास सत्र में शेयर खरीदने और बेचने का मौका मिलेगा। हिंदू परंपरा में दिवाली पर नए निवेश और कारोबार की शुरुआत को शुभ माना जाता है। इसी वजह से मुहूर्त ट्रेडिंग का विशेष महत्व है।
दोपहर 2:20 से 3:30 बजे तक होगी ट्रेडिंग
मुहूर्त ट्रेडिंग का प्री-ओपन सेशन दोपहर 2:05 बजे शुरू होगा। 2:05 से 2:10 बजे तक लिमिट और मार्केट ऑर्डर दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद 2:10 से 2:15 बजे तक केवल लिमिट ऑर्डर की मंजूरी मिलेगी। दोपहर 2:15 से 2:17 बजे तक ऑर्डर मैचिंग और कन्फर्मेशन होगा। नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगी। कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर भी इसी समय विशेष कारोबार होगा।
क्लोजिंग और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन का शेड्यूल
जिन शेयरों पर क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) लागू होता है, उनका नियमित कारोबार दोपहर 3:15 बजे बंद होगा। इसके बाद 3:15 से 3:20 बजे तक क्लोजिंग प्राइस की गणना होगी। 3:20 से 3:30 बजे तक ऑर्डर एंट्री और 3:30 से 3:35 बजे तक ऑर्डर मैचिंग होगी। CAS सेशन 3:35 से 3:50 बजे तक चलेगा। वहीं, नॉन-CAS क्लोजिंग सेशन भी 3:30 से 3:50 बजे तक रहेगा। पोस्ट-क्लोजिंग सेशन शाम 4 बजे तक चलेगा।
पिछले पांच साल में बाजार में रही बढ़त
मुहूर्त ट्रेडिंग के पिछले पांच साल के आंकड़ों में बाजार में लगातार बढ़त देखने को मिली है। वर्ष 2021 में सेंसेक्स और निफ्टी 0.49 प्रतिशत चढ़े थे। 2022 में दोनों सूचकांकों में 0.87 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई थी। 2023 में सेंसेक्स 0.54 और निफ्टी 0.51 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। 2024 में सेंसेक्स 0.42 और निफ्टी 0.40 प्रतिशत चढ़े। वहीं, 2025 में सेंसेक्स में 0.07 और निफ्टी में 0.10 प्रतिशत की तेजी रही।
10 नवंबर को बंद रहेंगे BSE और NSE
मुहूर्त ट्रेडिंग के बाद सोमवार 9 नवंबर को शेयर बाजार सामान्य रूप से खुलेगा। हालांकि, मंगलवार 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा के अवसर पर BSE और NSE में कारोबार बंद रहेगा। निवेशकों को इस छुट्टी का ध्यान रखना चाहिए।
करीब 70 साल पुरानी है मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा
भारतीय शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत वर्ष 1957 में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) से हुई थी। इसकी शुरुआत गुजराती और मारवाड़ी कारोबारी समुदाय ने की थी। वर्ष 1992 में NSE की शुरुआत के बाद दोनों एक्सचेंजों पर विशेष ट्रेडिंग सेशन आयोजित होने लगा। दिवाली के साथ हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 की भी शुरुआत हो रही है।



