मऊगंज जिले के शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : 40 किलो गांजा के साथ पिता- पुत्र गिरफ्तार

Mauganj News : 4 लाख 90 हजार का मशरूका जप्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

मऊगंज जिले के शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : 40 किलो गांजा के साथ पिता- पुत्र गिरफ्तार

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज

आईजी रीवा गौरव राजपूत द्वारा संभाग में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊगंज जिले की थाना शाहपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 40 किलो 518 ग्राम अवैध गांजा के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर कुल 4 लाख 90 हजार 180 रुपये का मशरूका जप्त किया है।

पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  शशिकांत सरयाम एवं एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामदीन सिंह के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

बताया गया है कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरांव, चहला टोला के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने साक्षियों के साथ घेराबंदी कर अशोक पटेल पिता स्व. तुलसीदास पटेल, उम्र 52 वर्ष, निवासी दुबगवां को पकड़ा। उसके पास से बोरी में रखा 27 किलो 594 ग्राम गांजा (कीमत 2,75,940 रुपये) बरामद हुआ।

पूछताछ के आधार पर उसके पुत्र सूरज पटेल पिता अशोक पटेल, उम्र 20 वर्ष को डगडौआ पुलिया स्थित यात्री प्रतीक्षालय से पकड़ा गया। उसके सूटकेस से 12 किलो 924 ग्राम गांजा (कीमत 1,29,240 रुपये) बरामद हुआ।

दोनों आरोपियों से कुल 40 किलो 518 ग्राम गांजा (कीमत 4,05,180 रुपये), एक प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG17KB8633 (60,000 रुपये) व एक ओप्पो मोबाइल (25,000 रुपये) जप्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध धारा 8/20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय पेश किया गया है।