भोपाल में बुराड़ी जैसा कांड: घर में 4 लोगों के गले कटे शव मिले, पांचवें का शव रेलवे ट्रैक पर मिला; हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
भोपाल में सनसनीखेज वारदात: छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से मचा हड़कंप, पहले घर में मां-पत्नी और दो बच्चों के शव मिले, फिर रेलवे ट्रैक पर मिला परिवार के मुखिया का शव, शुरुआती जांच में परिवार के चार सदस्यों की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका, मामले की जांच में जुटी पुलिस
भोपाल। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में 2 नवंबर (सोमवार) को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार के चार सदस्यों के शव घर के अंदर मिले, जबकि परिवार के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है।
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया ने पहले अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान
जानकारी के मुताबिक, घटना छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में गौर मैरिज गार्डन के आगे स्थित एक मल्टी की है। यहां एक मकान के अंदर 4 लोगों के शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मृतकों में एक बुजुर्ग महिला, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, चारों के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
रेलवे ट्रैक पर परिवार के मुखिया का शव
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला है। मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में बताई जा रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि नरेंद्र साहू ने पहले घर में मौजूद चारों सदस्यों की हत्या की और इसके बाद रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के सामने अपनी जान दे दी।
पुलिस अधिकारियों ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस घर के अंदर मिले शवों की परिस्थितियों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और रेलवे ट्रैक पर मिले शव के बीच संबंधों की जांच कर रही है।
फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौतों के कारण और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
Varsha Shrivastava 
