250 हेक्टेयर में फैलेगा मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी: विंध्य वन और साउथ अफ्रीकन सफारी भी बनेगी

Mukundpur White Tiger Safari: रीवा की मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में 119 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन जुड़ेगी। 36 हेक्टेयर में विंध्य वन और 30 हेक्टेयर में साउथ अफ्रीकन सफारी बनेगी।

250 हेक्टेयर में फैलेगा मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी: विंध्य वन और साउथ अफ्रीकन सफारी भी बनेगी

भोपाल। मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान देने की तैयारी है। रीवा के मुकुंदपुर स्थित महाराजा मार्तण्ड सिंह जू देव व्हाइट टाइगर सफारी का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए करीब 119 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन जोड़ने की योजना है। विस्तार पूरा होने के बाद सफारी और चिड़ियाघर का कुल क्षेत्रफल लगभग 250 हेक्टेयर हो जाएगा। यहां विंध्य वन सफारी और साउथ अफ्रीकन सफारी भी विकसित की जाएगी।

शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का भ्रमण कर विस्तार योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

120 से बढ़कर 250 हेक्टेयर होगा क्षेत्रफल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि वर्तमान में व्हाइट टाइगर सफारी करीब 120 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली है। इसमें लगभग 119 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र जोड़ने की योजना है। इसके बाद पूरे परिसर का क्षेत्रफल करीब 250 हेक्टेयर हो जाएगा।

विस्तार योजना के तहत 25 हेक्टेयर में व्हाइट टाइगर सफारी और शेष हिस्से में चिड़ियाघर विकसित किया जाएगा। इसके अलावा 36 हेक्टेयर जमीन पर विंध्य वन सफारी बनाई जाएगी, जबकि 30 हेक्टेयर में साउथ अफ्रीकन सफारी तैयार करने की योजना है।

जिराफ और जेब्रा भी होंगे आकर्षण

इस विस्तार की खास बात यह है कि यहां पर्यटकों को जिराफ, जेब्रा और दूसरे शाकाहारी वन्यजीवों को खुले जंगल जैसे वातावरण में देखने का मौका मिलेगा। योजना के मुताबिक, इन जानवरों को बचे हुए क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से विचरण करने के लिए छोड़ा जाएगा।

पर्यटक सफारी वाहन से गुजरते समय इन वन्यजीवों को सड़क पार करते और आसपास विचरण करते देख सकेंगे। इससे उन्हें नेशनल पार्क जैसा अनुभव देने की तैयारी है।

साउथ अफ्रीकन सफारी की भी बनेगी योजना

मुकुंदपुर में साउथ अफ्रीकन सफारी विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। इसके लिए 30 हेक्टेयर क्षेत्र निर्धारित किया गया है। वहीं, 36 हेक्टेयर में बनने वाली विंध्य वन सफारी क्षेत्र की प्राकृतिक और वन्यजीव संपदा को पर्यटन से जोड़ने का काम करेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी देश और प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुकी है। प्राकृतिक जंगल के बीच बनी यह सफारी वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है। सरकार की कोशिश है कि विस्तार योजना को जल्द मंजूरी मिले और निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो।

बाघ, तेंदुए और बटरफ्लाई पार्क का भी किया निरीक्षण

भ्रमण के दौरान राजेंद्र शुक्ल ने सफारी परिसर में बंगाल टाइगर, सफेद बाघ, तेंदुए, बटरफ्लाई पार्क और रेप्टाइल हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को वन्यजीवों की देखभाल, बाड़ों के रखरखाव और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीएफओ विद्याभूषण मिश्रा, सीसीएफ अनुराग कुमार, एसडीओ रामेश्वर टेकाम, एसडीओ दीपांकर, प्रदीप गौतम सुमन सहित वन विभाग के अधिकारी, रेंजर्स और पशु चिकित्सक मौजूद रहे।