भोपाल में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या: सोने-चांदी के जेवर लूटे; मुंह से सोने का दांत भी निकाल ले गए बदमाश
Bhopal Murder Case:भोपाल के शाहजहांनाबाद में 70 वर्षीय कलरी देवी की घर में घुसकर हत्या। बदमाश जेवरात और सोने का दांत निकालकर ले गए। पुलिस ने SIT गठित कर 10 हजार का इनाम घोषित किया।
भोपाल। राजधानी भोपाल में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के वाजपेयी नगर मल्टी स्थित घर में घुसे बदमाशों ने 70 वर्षीय महिला की हत्या कर दी और उनके शरीर पर पहने सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने महिला के मुंह में लगा सोने का दांत भी निकाल लिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान कलरी देवी (70) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को जब यह वारदात हुई, उस वक्त महिला घर में अकेली थीं। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाकर घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
पायल, कड़े, हार और बिछिया तक ले गए बदमाश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हत्या के बाद बदमाशों ने महिला के शरीर पर पहने जेवरात लूट लिए। आरोपी उनके पैरों की पायल, हाथों के कड़े, गले का हार और पैरों की बिछिया लेकर फरार हो गए। वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाश महिला के मुंह में लगा सोने का दांत भी निकालकर ले गए।
दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या और इस तरह जेवरात लूटने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के लिए SIT गठित, आरोपियों पर 10 हजार का इनाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सिंह ने जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है। एसीपी शाहजहांनाबाद की निगरानी में एसआईटी पूरे मामले की जांच करेगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
पुलिस आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के तरीके से किसी करीबी के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
करीबी पर भी पुलिस को शक
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपियों को महिला के घर में अकेले होने की जानकारी कैसे मिली। वारदात में किसी परिचित या करीबी की भूमिका की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या और लूट की वारदात ने राजधानी के रिहायशी इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



