Indore Police Controversy : युवक ने पुलिसकर्मी को दी धमकी, बोला- बैच-बिल्ला उतरवाने में 5 मिनट लगेंगे; Video Viral
Indore Police Controversy : इंदौर के द्वारकापुरी में युवक सूरज शर्मा ने कॉन्स्टेबल को बैच-बिल्ला उतरवाने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
Indore Police Controversy : इंदौर। शहर के द्वारकापुरी इलाके में एक युवक का पुलिसकर्मी को धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक कॉन्स्टेबल से बहस करते हुए उसका बैच और बिल्ला उतरवाने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। युवक की पहचान सूरज शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भाजपा पार्षद राकेश जैन का समर्थक है। मामले में पुलिस ने सूरज शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिसकर्मी से बोला- बैच-बिल्ला उतरवाने में 5 मिनट लगेंगे
वायरल वीडियो में सूरज शर्मा कॉन्स्टेबल श्रवण से ऊंची आवाज में बात करता दिखाई दे रहा है। बहस के दौरान वह कहता है, 'मेरी बात सुनना, यह बैच और बिल्ला उतारने में पांच मिनट लगेंगे, सारी गर्मी उतर जाएगी।' इस पर पुलिसकर्मी उसे सम्मान से बात करने की समझाइश देता है। कॉन्स्टेबल कहता है कि आराम से बात करो और थाने चलकर अपनी बात रखो। इसके बावजूद युवक बहस जारी रखता है।
चौकीदारी करने वाले व्यक्ति से शुरू हुआ विवाद
कॉन्स्टेबल श्रवण के मुताबिक, रामप्रसाद नाम का व्यक्ति शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। वह साइकिल से गली-गली घूमकर सीटी बजाते हुए लोगों को बुलाता है और चौकीदारी का काम करता है। रामप्रसाद ने शिकायत में बताया कि इसी दौरान सूरज शर्मा ने उससे पूछा कि वह किसके यहां चौकीदारी करता है। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।
पुलिस के सामने भी युवक करता रहा बहस
मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी सूरज शर्मा लगातार बहस करता रहा। वीडियो में वह पुलिसकर्मी को अपनी बात सुनने के लिए कहता दिखाई देता है। वह अपने पास कैमरे लगे होने की बात भी कहता है। इस दौरान रामप्रसाद अपनी परेशानी बताने की कोशिश करता है, लेकिन युवक उसे बीच में ही रोक देता है।
एक साल पहले पड़ोसी को धमकाने का भी मामला
सूरज शर्मा से जुड़ा एक पुराना मामला भी सामने आया है। करीब एक साल पहले एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने पड़ोसी को पिस्टल दिखाकर धमकाने के आरोप में उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद की जांच में जिस हथियार को पिस्टल बताया गया था, वह लाइटर निकला था।
थाना प्रभारी बोले- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
द्वारकापुरी थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।



