9वीं की छात्रा से अश्लील हरकत : प्रिंसिपल सस्पेंड, स्टाफ को दी छुट्टी फिर मासूम को बुलाया ऑफिस
CG Minor Girl Harassment : सरकारी हाईस्कूल में 9वीं की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में प्रभारी प्रिंसिपल और लेक्चरर जीवनलाल देवांगन को सस्पेंड कर दिया गया है।
CG Minor Girl Harassment : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सरकारी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। मामले में शिक्षा विभाग ने प्रभारी प्राचार्य और व्याख्याता जीवनलाल देवांगन को निलंबित कर दिया है। आरोपी पर स्कूल परिसर में शराब पीने का आरोप भी है। तुमगांव पुलिस ने 10 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल में अकेली छात्रा को बुलाने का आरोप
मामला तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अछोला स्थित सरकारी हाईस्कूल का है। शिकायत के मुताबिक, 10 अक्टूबर को आधे दिन बाद स्कूल की छुट्टी हो गई थी। ज्यादातर विद्यार्थी घर जा चुके थे। इसी दौरान प्रभारी प्राचार्य ने स्टाफ को भी जल्दी छुट्टी दे दी। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने नौवीं की छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के समय स्कूल में अधिकतर कर्मचारी मौजूद नहीं थे।

रोते हुए घर पहुंची छात्रा, मां ने किया विरोध
घटना के बाद छात्रा रोते हुए घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई। कुछ समय बाद आरोपी भी छात्रा के घर पहुंच गया। आरोप है कि उसने मामले को दबाने और रफा-दफा करने की कोशिश की। इससे नाराज छात्रा की मां ने उसका विरोध किया। विवाद बढ़ने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। बाद में डायल 112 को सूचना दी गई और आरोपी को तुमगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश पर शिक्षा विभाग ने जीवनलाल देवांगन को निलंबित किया है। निलंबन 10 अक्टूबर 2026 से प्रभावी माना गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 75(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 10 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने को भी निलंबन का आधार बताया गया है।
पहले भी शिकायत होने की जानकारी
जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015-16 में भी छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। उस समय उन्हें निलंबित किया गया था और बाद में जमानत मिलने के बाद बहाल कर दिया गया था। स्कूल में शराब पीने के आरोप की भी जांच की गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

