CM डॉ. मोहन यादव से मिले फ्रांस के महावाणिज्य दूत, MP में निवेश के लिए कंपनियों को किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो से मुलाकात कर फ्रांसीसी कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश और भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का न्योता दिया।
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बुधवार को फ्रांस के महावाणिज्य दूत पैट्रिक लेवेरिनो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और फ्रांस की कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने फ्रांस की कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई मुलाकात के दौरान डॉ. यादव ने फ्रांस के महावाणिज्य दूत का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि फ्रांस मध्यप्रदेश को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखे।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का न्योता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फ्रांस के महावाणिज्य दूत को अगले साल भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में फ्रांस की कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल लेकर आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए प्रदेश में निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को इंडो-फ्रेंच चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (IFCCI) और फ्रांस के महावाणिज्य दूतावास के साथ संपर्क, सहयोग और समन्वय करने की बात कही।
निवेश और सहयोग बढ़ाने पर जोर
बैठक में मध्यप्रदेश और फ्रांस के बीच कारोबारी संबंधों को मजबूत करने तथा फ्रांसीसी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह सहित फ्रांस के महावाणिज्य कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

