Bhopal News : किसानों को जरूरत के मुताबिक आसानी से मिलेगा खाद-बीज, संभागायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
Bhopal News : भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने रबी सीजन 2026-27 में किसानों को खाद-बीज, सिंचाई के लिए बिजली और कृषि योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Bhopal News : भोपाल। रबी सीजन 2026-27 में किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद, बीज और कृषि अनुदान आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कृषि, सहकारिता और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रमाणित बीजों के इस्तेमाल, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही मिट्टी में मौजूद नमी का लाभ लेने के लिए जल्दी बुवाई करने की सलाह दी जाए।
किसानों को खाद के लिए दूर नहीं जाना पड़े
बुधवार को कमिश्नर कार्यालय में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक हुई। संभागायुक्त ने बताया कि खाद वितरण व्यवस्था को आसान बनाने के लिए किसान व्हाट्सएप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। पंचायत स्तर पर सुविधा केंद्र भी बनाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक किसान को जरूरत के मुताबिक खाद मिले और इसके लिए उसे दूर न जाना पड़े। खाद वितरण की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली देने के निर्देश
संभागायुक्त शर्मा ने सभी जिलों में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली की अनावश्यक कटौती नहीं होनी चाहिए। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए। इसके साथ ही नरवाई जलाने पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और किसानों को जागरूक करने को कहा गया। हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगाने पर भी जोर दिया गया।
जनसमस्याओं का समय पर हो निराकरण
संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिविरों के साथ संबंधित सरकारी संस्थानों का निरीक्षण भी करें। निरीक्षण रिपोर्ट समय पर भेजने और परख पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के मामलों का भी समय पर निराकरण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन का कोई भी प्रकरण 50 दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए।

फसल बीमा का लाभ दिलाने पर भी जोर
बैठक में किसानों को फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर भी चर्चा हुई। संभागायुक्त ने अधिकारियों को बीमा कंपनियों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित संभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

