जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप: 3 मीटर तक सुनामी का अलर्ट, तटीय इलाके खाली कराए गए

भूकंप का केंद्र तट से करीब 100 किमी दूर समुद्र में 10 किमी गहराई पर था। तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी।बुलेट ट्रेन सर्विस रोकी, लोगों से ऊंचाई पर जाने की अपील।

जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप: 3 मीटर तक सुनामी का अलर्ट, तटीय इलाके खाली कराए गए

जापान में सोमवार दोपहर जोरदार भूकंप आया। दोपहर 1:23 बजे (भारतीय समयानुसार) भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। Japan Meteorological Agency के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई और इसका केंद्र समुद्र में तट से करीब 100 किलोमीटर दूर 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप के तुरंत बाद एजेंसी ने इवाते, होक्काइडो और आओमोरी प्रांतों के तटीय इलाकों के लिए 3 मीटर तक ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की।

सुनामी का अलर्ट, खाली कराए गए तटीय इलाके 

भूकंप के झटकों के बाद कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी लहरें दर्ज की गईं। इवाते के कुजी पोर्ट पर करीब 80 सेंटीमीटर, मियाको पोर्ट पर 40 सेंटीमीटर और आओमोरी के हाचिनोहे पोर्ट पर लगभग 30 सेंटीमीटर ऊंची लहरें देखी गईं। इसके अलावा होक्काइडो के उराकावा और मियागी के इशिनोमाकी आयुकावा में भी 20 सेंटीमीटर तक की लहरें दर्ज हुईं। अधिकारियों का कहना है कि समुद्र में पानी का स्तर अभी भी बढ़ रहा है और आगे बड़ी लहरें आने की आशंका बनी हुई है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। लोगों को समुद्र तट, नदियों और निचले इलाकों से दूर रहने तथा तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

बुलेट ट्रेन सर्विस रोकी, एयरपोर्ट सेवाएं सामान्य

भूकंप के असर से परिवहन सेवाओं पर भी प्रभाव पड़ा है। टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच चलने वाली तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवा को एहतियात के तौर पर रोक दिया गया है। इसके अलावा यामागाता और अकिता शिंकानसेन सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। इवाते प्रिफेक्चर में लोकल JR ट्रेन सेवाएं भी रोक दी गई हैं, जबकि होक्काइडो में कुछ स्थानीय रेल लाइनों पर भी संचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि शिन-चितोसे और सेंडाई एयरपोर्ट ने पुष्टि की है कि उनकी सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।

इस बीच, परमाणु संयंत्रों को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी, लेकिन Tokyo Electric Power Company ने स्पष्ट किया है कि फुकुशिमा दाइची और फुकुशिमा दाइनी न्यूक्लियर प्लांट पूरी तरह सुरक्षित हैं और वहां किसी प्रकार की गड़बड़ी या रेडिएशन में वृद्धि नहीं पाई गई है। अन्य परमाणु संयंत्रों में भी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

सबसे ज्यादा भूकंप वाले देशों में शामिल जापान

जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में से एक है। यह Ring of Fire क्षेत्र में स्थित है, जहां कई टेक्टोनिक प्लेट्स मिलती हैं। यही कारण है कि यहां हर साल करीब 1500 भूकंप आते हैं, जिनमें से ज्यादातर हल्के होते हैं।

इससे पहले 8 दिसंबर 2025 को जापान में आओमोरी प्रान्त के पास 7.5 तीव्रता का भूंकप आया था। इस भूकंप में 30 लोग घायल हो गए थे, वहीं कई घरों को नुकसान पहुंचा था। फिलहाल, प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।