10 February 2026: सूने मकान में 60 लाख की चोरी, कोचिंग टीचर ने की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें

एक महिला ने अपने पति को गांजा और स्मैक बेचने के आरोप में कराया गिरफ्तार, इंदौर पुलिस कमिश्नर को भेजा था वीडियो

10 February 2026: सूने मकान में 60 लाख की चोरी, कोचिंग टीचर ने की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें

सूने मकान से 60 लाख की चोरी, वैष्णोदेवी यात्रा पर गए हुए थे दंपत्ति

इंदौर में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद हैं। धार्मिक यात्रा पर गया एक परिवार, पीछे छोड़ गया था बंद मकान… और इसी सूनेपन को अपराधियों ने अपना मौका बना लिया। चोरों ने करीब 25 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 35 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। बाणगंगा थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज चोरी ने इलाके में दहशत फैला दी है।

चोरी की यह वारदात बाणेश्वरी कुंड के पीछे स्थित डागर मोहल्ले में हुई है। जहां अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक बंद मकान को निशाना बनाया। घर के मालिक मनीषा यादव और विनोद यादव वैष्णोदेवी दर्शन के लिए शहर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान के ताले तोड़े और अंदर दाखिल होकर घंटों तक घर खंगालते रहे। अलमारियों के ताले तोड़े गए, कीमती सामान इधर-उधर फेंका गया और बड़ी मात्रा में नकदी व जेवरात लेकर बदमाश फरार हो गए। जब परिवार यात्रा से लौटकर घर पहुंचा, तो अंदर का नज़ारा देखकर उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई।

जानकारी के मुताबिक विनोद यादव का रामनगर क्षेत्र में एक प्लॉट था, जिसे उन्होंने कुछ दिन पहले बेचा था। इस सौदे से उन्हें 35 लाख रुपए नकद मिले थे, जिन्हें उन्होंने नई संपत्ति खरीदने के इरादे से घर में रखे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्धों की जानकारी सामने आई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

पीड़ितों के मुताबिक चोर 25 लाख रुपये के सोने के आभूषण और लगभग 35 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही चोरों तक पहुंच बना ली जाएगी।

कोचिंग टीचर ने की नाबालिग से छेड़छाड़, परिजन ने पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा

इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में स्थित कैटलाइजर कोचिंग क्लास से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। कोचिंग क्लास में मैनेजमेंट से जुड़े एक कर्मचारी पर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

कैटलाइजर कोचिंग क्लास में कार्यरत कर्मचारी ने पढ़ाई के दौरान नाबालिग छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने का प्रयास किया। छात्रा ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया और किसी तरह वहां से निकलकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अन्नपूर्णा थाना पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद अन्नपूर्णा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कर्मचारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे मामले को लेकर डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि नाबालिग से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं पहले भी इस तरह की कोई घटना तो नहीं हुई है। वहीं बीजेपी का कहना है कि इस पूरे मामले में कैटलाइजर कोचिंग के संचालकों को भी नोटिस दिया जाएगा। इसके साथ ही ज्यादा स्टूडेंट क्षेत्र वाले थाना क्षेत्र में भी कोचिंग संचालकों की बैठक लेकर दिशा निर्देश दिए जाएंगे।

पति बेचता था स्मैक-गांजा, पत्नी ने पुलिस कमिश्नर को वीडियो भेजकर पकड़वाया

इंदौर में एक अकाउंटेंट महिला की हिम्मत ने नशे के अवैध कारोबार की पोल खोल दी। मल्हारगंज इलाके में रहने वाली महिला ने का पति गांजा और स्मैक बेचता था। जिसकी शिकायत महिला ने खुद पुलिस कमिश्नर से की और वीडियो भेजकर अपने पति को पकड़वाया। महिला का आरोप है कि उसका पति घर में नशे का सामान छिपाकर रखता था और पान दुकान की आड़ में कॉलेज और हॉस्टल की लड़कियों तक नशा सप्लाई कर रहा था। महिला ने बताया कि मेरी दो बेटियां हैं, पति की इस गतिविधि के कारण उनकी पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने मामले मे कारवाई करते हुए पति के पास से मादक पदार्थ जब्त किए हैं। 

पीड़िता इन्द्रानगर मल्हारगंज की रहने वाली है और पेशे से अकाउंटेंट है। महिला ने बताया कि उसका पति बुद्ध किरण भिड़े बड़े स्तर पर पान दुकान संचालित करता है और बीते कुछ समय से घर में तोल कांटा रखकर गांजा और नशे की पुड़ियों की बिक्री कर रहा था। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को एक विडियो भेज कर पूरे मामले की जानकारी दी और नशे से जुड़े वीडियो सबूत भी भेजे। वीडियो देखने के बाद कमिश्नर ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने कारवाई करते हुए आरोपी पति की दुकान से नशे का सामान जब्त किया और पति पर एनडीपीएस के तहत कार्रवाई की।  

इंदौर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर खड़े हो रहे सवाल 

इंदौर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर से सवाल खड़े हो रहे है। दो अन्य लोगों के साथ मिलकर एक ट्रेंडिंग कारोबारी से यूएसडीटी ट्रांसफर करवाने के मामले में पुलिस जवानों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। जवानो की भूमिका को लेकर इंदौर पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि इस मामले में कोई किसी भी विभाग से जुड़ा हो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

पलासिया इलाके में एक कारोबारी को धमका कर उससे 6 लाख की लूट करने का मामला सामने आया था। इस मामले में एमआईजी थाने के दो पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है, जिसे लेकर जांच शुरू की गई है। दरसअल, खजराना थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ लूट की धाराओं में केस दर्ज किया था। अब इस मामले में खुलासा हुआ है कि दो पुलिसकर्मियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने पहले नावेद और उसके साथी साहिल पर केस दर्ज किया। जब जांच की तो सामने आया कि एमआईजी थाने में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों की इस मामले में मिली भगत है। जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पूरे मामले में पुलिसकर्मी मनोज और अविनाश की भूमिका की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज की जा सकती है। वहीं, आरोपी नावेद और साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।