U-19 वर्ल्ड कप: भारत छठी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराया, वैभव सूर्यवंशी ने खेली तूफानी पारी

IND vs ENG U-19 WC Final: भारत 6वीं बार जीता, इंग्लैंड को 100 रन से हराया, वैभव सूर्यवंशी ने 175 रन बनाए

U-19 वर्ल्ड कप: भारत छठी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराया, वैभव सूर्यवंशी ने खेली तूफानी पारी

भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा साबित करते हुए आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से करारी शिकस्त देकर छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप अपने नाम किया। इस जीत के हीरो रहे ओपनर वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने तूफानी शतक लगाकर फाइनल को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।

टॉस जीतकर भारत ने किया बल्लेबाजी का फैसला

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लिश गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया।

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी

भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में अविश्वसनीय बल्लेबाजी करते हुए महज 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।

कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 53 रनों की अहम पारी खेली। भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे रनगति पर लगाम नहीं लगा सके।

412 रन के लक्ष्य के आगे इंग्लैंड ढेर

412 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। टीम ने सस्ते में जोसेफ मूर्स (17 रन) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बेन डॉकिन्स और बेन मेस ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़कर वापसी की कोशिश की।

मेस ने 27 गेंदों में 45 रन बनाए, लेकिन खिलान पटेल ने उन्हें आउट कर भारत को अहम सफलता दिलाई। कप्तान थॉमस रेव 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बेन डॉकिन्स ने अर्धशतक जमाया, लेकिन आयुष म्हात्रे ने उनका विकेट लेकर इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

फॉल्कनर की जुझारू पारी, लेकिन जीत दूर

इंग्लैंड की ओर से कालेब फॉल्कनर ने एक छोर संभालते हुए शानदार 115 रन बनाए। उन्होंने 40वें ओवर में टीम का स्कोर 300 पार कराया और शतक भी पूरा किया, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। अंततः इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने 3 विकेट लेकर इंग्लिश बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। 41वें ओवर की दूसरी गेंद पर फॉल्कनर का विकेट गिरते ही भारत की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लग गई।

भारत का छठा अंडर-19 विश्व खिताब

इस जीत के साथ भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 के बाद छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने का गौरव हासिल किया। यह भारत का लगातार छठा फाइनल जीतना और कुल 10वां फाइनल था। वहीं इंग्लैंड अब तक सिर्फ एक बार (1998) अंडर-19 विश्व कप जीत सका है।

भारत का दबदबा हेड-टू-हेड में भी कायम

भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर-19 स्तर पर अब तक खेले गए मुकाबलों में भी भारत का पलड़ा भारी रहा है।

  • कुल मुकाबले: 56
  • भारत ने जीते: 42
  • इंग्लैंड ने जीते: 13
  • टाई: 1

इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने एक भी मैच नहीं गंवाया और पूरे आत्मविश्वास के साथ खिताब जीता। वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे, आरएस अंबरीश और खिलान पटेल जैसे खिलाड़ियों ने यह साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।