भोपाल किन्नर जिहाद विवाद: धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर कलेक्ट्रेट घेराव, किन्नर समुदाय के दो गुट आमने-सामने
भोपाल में किन्नर के दो गुटों मे वर्चस्व की जंग, ऋषि अजय दास के साथ कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंची किन्नर
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर सैकड़ों किन्नरों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इस विवाद को एक गुट ने “किन्नर जिहाद” का नाम दिया है, जबकि दूसरे गुट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे आपसी वर्चस्व और गद्दी की लड़ाई बताया है। मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है।
किन्नरों ने ऋषि अजय दास के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मंगलवार को किन्नर अखाड़ा के संस्थापक ऋषि अजय दास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किन्नर भोपाल कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी किन्नरों का आरोप है कि एक विशेष गुट उन पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि उन्हें इस्लाम अपनाने, कलमा पढ़ने, नमाज अदा करने और मांस खाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि मौत के बाद उन्हें मुस्लिम रीति-रिवाज से दफनाने की धमकियां दी जा रही हैं।

इस पूरे मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि किन्नरों की कोई जाति या धर्म नहीं होता और इस तरह के विवाद समाज को बांटने वाले हैं। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अगर लव जिहाद जैसे कानून मौजूद हैं तो ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं हो रही।
फिलहाल भोपाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि सभी आरोपों की तथ्यात्मक जांच की जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
किन्नर काजल ठाकुर के आरोपों को किन्नर गुरु सुरैया ने नाकारा
इस प्रदर्शन में शामिल किन्नर काजल ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि किन्नर गुरु सुरैया नायक उन्हें धमका रही हैं। काजल ठाकुर का कहना है कि “हमसे कहा जा रहा है कि अगर हमने धर्म परिवर्तन नहीं किया तो हमें मरवा दिया जाएगा। हम किसी भी कीमत पर धर्म नहीं बदलेंगे और प्रशासन से सुरक्षा व कार्रवाई की मांग करते हैं।” प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना है कि भोपाल में कुछ इलाकों पर कब्जे और वर्चस्व को लेकर भी दबाव बनाया जा रहा है।
वहीं, किन्नर गुरु सुरैया नायक और उनके समर्थक गुट ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। सुरैया नायक ने प्रेस वार्ता कर कहा कि किन्नर समाज में न तो कोई जाति होती है और न ही धर्म। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला गद्दी और प्रभाव क्षेत्र हथियाने की कोशिश का हिस्सा है। सुरैया का कहना है कि काजल ठाकुर भोपाल की निवासी नहीं हैं और उनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि काजल ठाकुर और उनके समर्थक गुंडागर्दी कर समाज में तनाव फैला रहे हैं।
सुरैया नायक ने स्पष्ट किया कि उनके डेरे में सभी धर्मों और जातियों के किन्नर रहते हैं और सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि “हम मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च सभी जगह जाते हैं। धर्म परिवर्तन का आरोप पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है।” उन्होंने ऋषि अजय दास पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि यह विवाद पैसे और कुर्सी की लड़ाई से जुड़ा है।
Varsha Shrivastava 
