ब्लैकमेलिंग के आरोप में भोपाल जिला वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अलीम कुरैशी गिरफ्तार

भोपाल जिला वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अलीम कुरैशी को फर्जी दस्तावेजों के जरिए ब्लैकमेलिंग और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि वक्फ बोर्ड के नाम से लगाए गए नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में वक्फ माफिया से जुड़े अन्य बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

ब्लैकमेलिंग के आरोप में भोपाल जिला वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अलीम कुरैशी गिरफ्तार
GOOGLE

भोपाल जिला वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अलीम कुरैशी को ब्लैकमेलिंग और फर्जी दस्तावेजों के मामले में शाहजानाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अलीम कुरैशी पर वक्फ बोर्ड के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर शिकायतें करने और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप हैं।

पुलिस जांच के अनुसार, अलीम कुरैशी ने 17 अगस्त 2023 को लोकायुक्त संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी जांच में आरोपों को निराधार मानते हुए मामला नस्ती कर दिया गया था। इसके बावजूद 13 जनवरी 2025 को उसने उसी विषय पर दोबारा शिकायत की। जांच में स्पष्ट हुआ कि वक्फ बोर्ड के नाम से लगाए गए नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी थे और बोर्ड द्वारा कभी जारी नहीं किए गए थे। जांच एजेंसियों का कहना है कि बार-बार शिकायत कर सरकारी मशीनरी पर दबाव बनाया गया।

रिमांड के दौरान मिले फर्ज़ी दस्तावेज 

गौरतलब है कि अलीम कुरैशी पूर्व में मध्यप्रदेश पुलिस में पदस्थ रहा है, लेकिन भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के चलते उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। बाद में वह राजनीति में सक्रिय होकर भोपाल जिला वक्फ कमेटी का अध्यक्ष बना। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से फर्जी दस्तावेजों, ब्लैकमेलिंग की साजिश और संभावित अवैध लाभ को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी, जिसमें वक्फ माफिया से जुड़े और बड़े नाम सामने आने की संभावना है।