भोपाल गोमांस तस्करी मामला: हिंदू उत्सव समिति ने अमित शाह के नाम भोपाल पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन में कहा गया है कि असलम कुरैशी और उसके सहयोगियों पर NSA के तहत कार्रवाई की जाए साथ ही पूरे मामले की जांच CBI को सौंपी जाए

भोपाल गोमांस तस्करी मामला: हिंदू उत्सव समिति ने अमित शाह के नाम भोपाल पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

भोपाल। राजधानी में सामने आए संगठित गौ-तस्करी प्रकरण को लेकर सनातनी समाज में गहरा आक्रोश है। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार को सौंपा गया है। ज्ञापन में मुख्य आरोपी असलम कुरैशी सहित पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि असलम कुरैशी और उसके सहयोगियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपी जाए, ताकि संगठित अपराध से जुड़े सभी सहयोगी, संरक्षक और लाभार्थी सामने आ सकें।

ज्ञापन में कहा गया कि गौ माता केवल एक पशु नहीं, बल्कि सनातन समाज की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक हैं। यदि ऐसे मामलों में त्वरित और उदाहरणात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सामाजिक संतुलन और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।

ज्ञापन में सरकार और सिस्टम पर उठाए सवाल

समिति ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश में पिछले दो दशकों से अधिक समय से भारतीय जनता पार्टी की सरकार कार्यरत है, जो स्वयं को राष्ट्रवादी और हिन्दुत्ववादी विचारधारा का संवाहक बताती रही है। मंचों से गौ माता की रक्षा और सम्मान की बातें होती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद भोपाल में हाल के महीनों में गौ-हत्या और गौ-तस्करी की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हुई है।

श्री हिन्दू उत्सव समिति ने बताया कि संस्था की सजगता और तत्परता के चलते हाल ही में लगभग 26 टन गौ-मांस जब्त किया गया, जिसका मुख्य आरोपी असलम कुरैशी (चमड़ा) है। समिति का कहना है कि यह मामला किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और अंतरराज्यीय संगठित अपराध नेटवर्क की ओर इशारा करता है।

हालांकि राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस और निर्णायक कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे आम जनमानस में शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं और अपराधियों के हौसले बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

स्लॉटर हाउस बंद होने के बावजूद अवैध कटान जारी

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि स्लॉटर हाउस बंद होने के बावजूद अवैध कटान और गौ-तस्करी की घटनाएं जारी हैं। उनका कहना है कि सीबीआई जांच से पूरे मामले में शामिल अधिकारी, कर्मचारी और अन्य सहयोगी बेनकाब होंगे और सच्चाई सामने आएगी।

समिति ने स्पष्ट किया कि यह ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्पीड पोस्ट के जरिए भी भेजा जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सामाजिक संतुलन और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।

अंत में हिंदू उत्सव समिति और भोपाल के जागरूक सनातनी समाज की ओर से केंद्र सरकार से मांग की गई कि दोषियों पर NSA के तहत तत्काल कार्रवाई हो। साथ ही CBI जांच के माध्यम से इस संगठित अपराध से जुड़े सभी सहयोगी, संरक्षक और लाभार्थियों को बेनकाब किया जाए।