पाकिस्तान का यू-टर्न: भारत से मैच खेलने के पीछे की इनसाइड स्टोरी, ICC के 1600 करोड़ दांव पर...

भारत-पाकिस्तान मैच पर बायकॉट की धमकी देने के बाद पाकिस्तान ने यू-टर्न लिया। ICC, श्रीलंका और बांग्लादेश की कूटनीतिक कोशिशों से 1600 करोड़ के नुकसान से बचा गया. फैसले का असर फ्लाइट और होटल प्राइस पर दिखने लगा. 

पाकिस्तान का यू-टर्न: भारत से मैच खेलने के पीछे की इनसाइड स्टोरी, ICC के 1600 करोड़ दांव पर...

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच की आधिकारिक घोषणा होते ही इसका सीधा असर ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर दिखने लगा. मुंबई से कोलंबो की राउंड ट्रिप फ्लाइट, जो पहले करीब 10 हजार रुपये में मिल रही थी, अब बढ़कर लगभग 60 हजार तक पहुंच गई है. आने वाले दिनों में श्रीलंका के होटलों के दाम बढ़ने की भी पूरी संभावना है.

पाकिस्तान ने लिया यू-टर्न

पिछले करीब एक हफ्ते से भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करने की धमकी दे रहा पाकिस्तान आखिरकार घुटनों पर आ ही गया. कई दौर की बातचीत के बाद ICC ने PCB और BCB के साथ मीटिंग्स कीं, जिसके बाद पाकिस्तान मैच खेलने के लिए तैयार हो गया. इस फैसले से ICC को होने वाला बड़ा वित्तीय नुकसान टल गया.

ICC को नहीं होगा करोड़ों का नुकसान

Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मैच न होने की स्थिति में ICC को करीब 174 मिलियन डॉलर यानी लगभग 1600 करोड़ का नुकसान हो सकता था. ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, टिकट बिक्री, गेट मनी और स्पॉन्सरशिप से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा इसी एक मुकाबले पर निर्भर था.

पाकिस्तान सरकार का आधिकारिक ऐलान

पाकिस्तान सरकार ने देर रात बयान जारी कर साफ किया कि टीम मैच खेलेगी. बयान में कहा गया. बातचीत के नतीजों और फ्रेंडली देशों के रिक्वेस्ट के बाद पाकिस्तान सरकार राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को ICC पुरुष टी20 विश्व कप का अपना निर्धारित मैच खेले. 

फैसले का तुरंत असर

इस घोषणा के तुरंत बाद ट्रैवल मार्केट में हलचल मच गई. मुंबई से कोलंबो की फ्लाइट्स के दाम कई गुना बढ़ गए हैं, वहीं श्रीलंका में होटल बुकिंग भी तेजी से बढ़ रही है.

श्रीलंका ने जताया आभार

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का धन्यवाद किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह जानकर बेहद खुशी हुई कि मौजूदा टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच कोलंबो में खेला जाएगा. 

श्रीलंका क्रिकेट की अहम भूमिका

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पहले ही PCB को पत्र लिखकर अपना फैसला बदलने का अनुरोध किया था. इसके बाद राष्ट्रपति दिसानायके ने सीधे प्रधानमंत्री शरीफ से फोन पर बात की. सूत्रों के अनुसार, श्रीलंका बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से संपर्क कर याद दिलाया कि भारत-पाक मैच न होने पर टिकट बिक्री, हॉस्पिटैलिटी और अन्य आय में भारी नुकसान होगा. श्रीलंका ने पाकिस्तान को पुराने एहसान भी याद दिलाए. ईमेल में बताया गया कि सुरक्षा चिंताओं के बावजूद श्रीलंकाई खिलाड़ियों को पाकिस्तान में खेलने का निर्देश दिया गया था.

बांग्लादेश का भी समर्थन

बांग्लादेश ने भी लाहौर में हुई बैठक के बाद पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की. उनका कहना था कि भारत-पाक मुकाबला पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम के लिए जरूरी है. आखिरकार, अंतरराष्ट्रीय दबाव और आर्थिक हितों को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी को मैच खेलने का ऐलान कर दिया.