महज 14 साल में महाकमाल! वैभव सूर्यवंशी के 175 रन, इंग्लैंड पर बरसे छक्के-चौके

14 साल की उम्र में आप क्या कर रहे थे? वैभव सूर्यवंशी जब-जब कोई कारनामा करते हैं ये सवाल सोशल मी‍डिया पर छा जाता है.

महज 14 साल में महाकमाल! वैभव सूर्यवंशी के 175 रन, इंग्लैंड पर बरसे छक्के-चौके
image source : google

14 साल की उम्र में आप क्या कर रहे थे? यह सवाल एक बार फिर सोशल मीडिया पर छा गया है, और वजह हैं इंडिया अंडर-19 टीम के ओपनर वैभव सूर्यवंशी. जब-जब वैभव कोई बड़ा कारनामा करते हैं, क्रिकेट जगत उन्हें सलाम करने को मजबूर हो जाता है. क्योंकि बैटिंग ही कमाल होती है. हरारे में खेले जा रहे U19 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ महज 55 गेंदों पर शानदार शतक जड़ दिया. यह शतक न सिर्फ तेज था, बल्कि इतिहास रचने वाला भी साबित हुआ. 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय U19 टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले ओपनर एरॉन जॉर्ज सस्ते में आउट हो गए. ऐसे में पूरी जिम्मेदारी वैभव सूर्यवंशी के कंधों पर आ गई. मौका भी था और मंच भी और वैभव ने इसे पूरी तरह भुनाया. 

क्यों कहलाते हैं ‘बॉस बेबी’ वैभव?

वैभव ने साबित कर दिया कि उन्हें प्यार से ‘बॉस बेबी’ क्यों कहा जाता है. उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 15 चौके और 15 छक्के निकले. सेंचुरी पूरी करने के बाद वैभव ने अगले 24 गेंदों में ही 175 रन का आंकड़ा छू लिया. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को देखकर इंग्लैंड के गेंदबाज भी हैरान रह गए.

फाइनल में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय

इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत की ओर से शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले यह उपलब्धि 2012 में उन्मुक्त चंद ने हासिल की थी. खास बात यह है कि वैभव U19 वर्ल्ड कप इतिहास में फाइनल में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज भी बन गए हैं. इतना ही नहीं, वैभव इस वर्ल्ड कप के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 439 रन बनाए. अफगानिस्तान के फैजल सिनोजादा 436 रन के साथ दूसरे स्थान पर रहे. 

मैच का हाल

खबर लिखे जाने तक भारतीय U19 टीम ने 25.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 251 रन बना लिए थे। वेदांत 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. इससे पहले कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों पर 53 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. इंग्लैंड की ओर से एलेक्स ग्रीन को दो विकेट मिले, जबकि लम्सडन ने वैभव को कॉट बिहाइंड कराया. 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जो कर दिखाया है, वह सिर्फ एक पारी नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य की झलक है.