अखिलेश यादव ने अमेरिका ट्रेड डील पर मोदी सरकार को घेरा: "डील नहीं ढील हुई, 0 बड़ा या 18?"
लोकसभा में बजट चर्चा के दौरान अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को 'ढील' बताया। टैरिफ पर तंज कसते हुए पूछा- '0 बड़ा या 18?'। बजट को दिशाहीन बताते हुए यूपी, किसानों की अनदेखी और महंगाई पर सरकार को घेरा।
नई दिल्ली: लोकसभा में यूनियन बजट 2026 पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच हालिया अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क को लेकर तीखे सवाल उठाए और इसे "डील नहीं, ढील" करार दिया।
अखिलेश यादव ने कहा, "अमेरिका से डील नहीं हुई, ढील हुई है। अगर यही डील करनी थी तो 11 महीने तक इंतजार क्यों किया गया? देश जानना चाहता है कि 18 बड़ा है या जीरो? भाजपा वाले 18 और 0 को बराबर बता रहे हैं।"
यह टिप्पणी उस समझौते के संदर्भ में आई है, जिसमें अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 18% टैरिफ लगाने की बात कही है, जबकि भारत ने कुछ अमेरिकी उत्पादों पर जीरो टैरिफ देने का फैसला किया है। अखिलेश ने इसे एकतरफा बताया और पूछा कि क्या यह 'Make in India' और 'आत्मनिर्भर भारत' के खिलाफ नहीं है? उन्होंने कहा कि $500 बिलियन का व्यापार एकतरफा हो रहा है, जिससे भारतीय बाजार अमेरिका को सौंप दिया गया है।

किसानों पर चिंता:
अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा, "सब कुछ विदेश से आएगा तो किसान क्या उगाएगा और क्या बेचेगा? सरकार MSP की गारंटी नहीं दे पाई। एग्री इंफ्रा और मंडियों की बात की गई, लेकिन किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई।" उन्होंने दूध, हॉर्टिकल्चर क्रॉप्स के आंकड़े गिनाने वाली सरकार से MSP गारंटी पर स्पष्ट जवाब मांगा।
उत्तर प्रदेश की उपेक्षा:
उन्होंने बजट में उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा, "प्रधानमंत्री यूपी से हैं, लेकिन बजट में यूपी के लिए कोई खास योजना नहीं। एक्सप्रेसवे बने भी तो क्वालिटी घटिया है। बुलेट ट्रेन संपन्न राज्यों तक सीमित, यूपी-बिहार-बंगाल में क्यों नहीं?"

अन्य प्रमुख बातें:
- बजट को 'दिशाहीन' बताया, गरीबों-दलितों-पिछड़ों के लिए कुछ नहीं।
- सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों पर इमोशनल अटैक: "गरीब बेटी की विदाई में सोना देने की सोचता था, अब चांदी भी दूर।"
- पर कैपिटा इनकम नहीं बढ़ रही, महंगाई पर चिंता।
#WATCH लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, "...अमेरिका से डील नहीं हुई है...क्यों झूठे ख्यालों में दिन-रात करें, जो बनाते हैं हवा में बातों के महल आओ उनसे कुछ ज़मीनी बात करें..." pic.twitter.com/ZRYSdoTLHS
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 10, 2026
अखिलेश यादव की यह टिप्पणी बजट सत्र में राजनीतिक घमासान को और तेज कर रही है, जहां विपक्ष ट्रेड डील और बजट प्राथमिकताओं पर सरकार से जवाब मांग रहा है।
KULDEEP TRIPATHI 
